सीहोरः ब्रिजिशनगर में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः ब्रिजिशनगर में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित


सीहोर, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम ब्रिजिशनगर में जिला स्तरीय भ्रमण कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर सहित जिला अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने मंत्रीगणों के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा जन विश्वास अभियान

इस अवसर पर राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी मंत्रियों एवं अधिकारियों से सादा जीवन, उच्च विचार अपनाते हुए जनता के द्वार तक पहुंचने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

मंत्री वर्मा ने मौके पर उपस्थित किसानों, वृद्धजनों एवं अन्य नागरिकों से संवाद कर पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, पेंशन, राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता के सेवक हैं। शासकीय योजनाओं, राजस्व संबंधी कार्यों अथवा अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नागरिक सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संवाद कर सकते हैं।

संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के चार स्तंभों पर आधारित है जन विश्वास अभियान

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आज का दिन भाषण देने का नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने का दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त से प्रारंभ हुआ है और 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। इतने लंबे समय तक चलने वाला यह अभियान जनता के प्रति सरकार के अपनत्व और सेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अभियान के तहत मंत्री, प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। यह अभियान एक आदर्श एवं संवेदनशील सरकार की कार्यप्रणाली का परिचायक है।

प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि जनता के बीच पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की मॉनिटरिंग करना भी अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत समझी जा सके और सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान को चार स्तंभों—संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी—पर आधारित बनाने की बात कही है, ताकि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद और मजबूत हो।

आवेदकों से की वन टू वन चर्चा

मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। शिविर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने शिकायतकर्ताओं से केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहते हुए उनसे वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याओं की वस्तुस्थिति जानी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। शिविर में बुधनी की त्रिवेणी द्वारा जमीन के बटांकन संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार सुश्री संध्या की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति संबंधी शिकायत पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारी को 10 दिन के भीतर नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री और राजस्व मंत्री ने ग्राम ब्रिजिशनगर स्थित शासकीय स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति एवं स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और बच्चों से किताब भी पढ़वाई। उन्होंने शिक्षकों से भी शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में चर्चा की तथा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

सादगी और ईंधन बचत का संदेश देते हुए बस से पहुंचे सभी जिला अधिकारी

कार्यक्रम में सादगी, सामूहिकता और ईंधन की बचत का संदेश देने के लिए सभी जिला अधिकारी जिला मुख्यालय से एक साथ बस में सवार होकर ग्राम ब्रिजिशनगर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी उसी बस से वापस जिला मुख्यालय लौटे। इस पहल के माध्यम से मुख्यमंत्री की सादगीपूर्ण कार्यशैली और सामूहिक परिवहन को प्रोत्साहित करने की भावना को आगे बढ़ाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story