सीहोरः परंपरागत बारह खंबा मेले में पशुधन की सलामती के लिए श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः परंपरागत बारह खंबा मेले में पशुधन की सलामती के लिए श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना


सीहोर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा में पशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सलामती की कामना के लिए मंगलवार को परंपरागत बारह खंबा मेले का आयोजन किया गया। मेले में सीहोर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पशुपालक और ग्रामीण पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पशुधन के स्वस्थ एवं सुरक्षित रहने की कामना की।

इस अनूठी धार्मिक परंपरा के प्रति पशुपालकों में विशेष आस्था है। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पशुपालक और ग्रामीण शामिल होते हैं। लोग अपनी परंपरा और आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना कर पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन की मंगलकामना करते हैं। मेले में धार्मिक गतिविधियों के साथ ही ग्रामीणों के मनोरंजन और खरीदारी के लिए भी विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने मेले में विभिन्न दुकानों से खरीदारी की तथा झूलों सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।

कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार मेले के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मेले में यातायात व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मेले के दौरान एसडीएम स्वाति मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ रूशाली पोरस सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालते हुए ड्यूटी पर तैनात रहे। प्रशासन द्वारा मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए निरंतर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775114 Articles

Share this story