सीहोरः राशन वितरण में अनियमितता पर जिले की 16 उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सीहोरः राशन वितरण में अनियमितता पर जिले की 16 उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई


सीहोर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। राशन वितरण में अनियमितता, भौतिक सत्यापन में खाद्यान्न स्टॉक में अंतर, सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर राशन प्राप्त न होने संबंधी शिकायतों तथा दुकानों के नियमित रूप से संचालित नहीं होने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर संबंधित उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने बुधवार को बताया कि अगस्त 2026 में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों में उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण एवं जांच की गई। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 16 उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दायरे में आष्टा ब्लॉक की गोविंदपुरा, उमरदड़, बापचा बरामद तथा मार्केटिंग संस्था वार्ड नंबर 4, 5, सिद्दीकगंज और खाचरोद की उचित मूल्य दुकानें शामिल हैं। इसी प्रकार इछावर ब्लॉक की बरखेड़ाकुर्मी, ललियाखेड़ी एवं दौलतपुर, बुधनी ब्लॉक की खेरीसिलगेना, खिडियाकुर्मी, नानभेंट, रतनपुर एवं चिकली तथा भैरूंदा ब्लॉक की मांजीखेड़ी एवं चींच से संबंधित दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ की गई है। शासन द्वारा उचित मूल्य दुकानों पर राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story