केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अशोकनगर में की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा
- जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
भोपाल, 05 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में रविवार को अशोकनगर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने जिले के विकास कार्यो एवं केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने विकास कार्यो की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि पूर्ण गुणवत्ता एवं समय सीमा में कार्यो को पूरा किया जाए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजना के समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पात्र लोगों योजना का लाभ शत प्रतिशत दिलाया जाए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पेयजल, अधोसंरचना, रोजगार, उद्योग और नगरीय विकास से जुड़ी योजनाओं की वस्तुस्थिति पर चर्चा हुई तथा विभिन्न विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सर्वागीण विकास पर काम किया जाए। शासन द्वार संचालित 16 योजनाओं के सफल क्रियान्वयन जनप्रतिनिधियों के सुझावों के साथ किया जाए।
सिंधिया ने कहा कि शहरी क्षेत्र की 40 करोड़ की पेयजल की वृहद परियोजना पर कार्य कराये जा रहे है। अधोसंरचना को सम्मिलित करते हुए 2040 के मापदण्ड के आधार पर पानी की मांग अनुरूप कार्य किये जाए। जिला मुख्यालय पर स्थापित कॉल सेंटर के द्वितीय चरण में कॉल सेंटर की स्थापना के लिए भूमि का आवंटन सहित 2 हजार सीट क्षमता बढाई जाए। शहरी सौंदर्यीकरण के लिए चार थीम गेट का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही रिंग रोड,थीम रोड से कल्पना साकार होगी।
बैठक में चंदेरी का सुल्तानिया तालाब तथा मुंगावली का भुजरिया तालाब के जीर्णोद्वारा का कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर तथा मल्टीपरपज स्पोर्टस के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में संस्कृति भवन,मल्हारगढ़ सिंचाई योजना,अशोकनगर वायपास हेतु तीन ब्रिज का निर्माण,लुकवासा-ढाकोनी सड़क,राजघाट पेयजल परियोजना अंतर्गत लाभान्वित ग्रामो की समीक्षा,जिला मुख्यालय के नवीन जिला चिकित्सालय के कार्य के प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी,भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी,कलेक्टर साकेत मालवीय,पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन सहित, जनप्रतिनिधि,समिति के सदस्यगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

