मप्रः केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने म्याना में सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर किए निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने म्याना में सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर किए निराकरण


- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्याना का शुभारम्भ, बच्ची को समझाकर लगवाई एचपीवी वैक्सीन

गुना, 15 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना में जनसमस्या निवारण शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहित किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के संरक्षण के लिए पौधे और सकोरे भी वितरित किए।

जनसमस्या निवारण शिविर में सुनीं नागरिकों की समस्याएं

म्याना के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया गया। शिविर में आवास, चिकित्सा सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, खसरा नामांतरण, सीमांकन, पेंशन, विद्युत तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने स्वयं उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान कई प्रकरणों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया तथा निराकृत मामलों में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही उन्हें पक्षियों के लिए सकोरे और पौधे भी प्रदान किए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, बच्ची को समझाकर लगवाई वैक्सीन

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने म्याना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सिंधिया एचपीवी वैक्सीनेशन कक्ष में भी पहुंचे। वहां वैक्सीनेशन लगवाने से घबराई एक बच्ची का हाथ उन्होंने स्वयं पकड़ा और उसे समझाते हुए वैक्सीन लगवाई। उन्होंने बच्ची से कहा कि यह टीका उसके जीवन की सुरक्षा का कवच है। इसके बाद उन्होंने बच्ची को वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, वनमण्डलाधिकारी अक्षय राठौर, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story