मप्रः केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने आदिवासी सामुदाय की महिलाओं को वितरित किए नि:शुल्क उज्जवला गैस कनेक्शन
गुना, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना में रविवार को “विश्व उपभोक्ता दिवस”के संबंध में आयोजित प्रदर्शनी व संगोष्ठी में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पांच आदिवासी सामुदाय की महिलाओं को नि:शुल्क उज्जवला गैस कनेक्शन प्रदाय किये गये।
जिला आपूर्ति अधिकारी अवधेश पाण्डे ने बताया कि जिले के समस्त आदिवासी परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय किये जा रहे हैं एवं गुना जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को जिनकी बुकिंग गैस एजेंसियों पर की गई है उन्हें होम डिलीवरी के माध्यम से घर-घर सिलेंडर पँहुचाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट संबंधी मामलों में सक्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। उनके द्वारा कहा गया कि यदि उपभोक्ता कानूनी तरीके से खरीदारी करता है और यदि ठगा जाता है। तो प्रशासन उसकी हर संभव मदद करेगा।
कार्यक्रम में विश्व उपभोक्ता दिवस पर खाद्य विभाग गुना द्वारा उपभोक्ता सेवा केन्द्र के माध्यम से शिकायतों का निरावरण किया गया। जिसमें उपभोक्ताओं से संबंधित नवीन पात्रता पर्ची, डुपलीकेट पात्रता पर्ची, नाम सुधार, नाम हटाना, नाम जोडना, पर्ची में पता परिवर्तन, राशन नहीं मिलने, एफपीएसनहीं खुलने, गैस रिफिलिंग, उपार्जन भुगतान, किसान पंजीयनआदि के संबंध में जानकारियॉं दी गइ। कार्यक्रम अंतर्गत महिला एवं विकास विभाग, गैस एजेंसी संचालक, डाक विभाग, एलआईसी, खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन, नापतौल विभाग, द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाये जाकर विभागीय योजनाओं के बारे में प्रदर्शनी आयोजित की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवीन जैन द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों, खाद्य पदार्थों की लेवलिंग, प्रचार-प्रसारएवं त्रुटिपूर्ण व्यापार करने पर शासन द्वारा लागू प्रावधानों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेल्स ऑफिसर मनोज शर्मा द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों में मिलावट की पहचान करने, फाईबर एलपीजी सिलेंडर की विशेषताओं के बारे में अवगत कराया गया।
नापतौल निरीक्षण एल.सी. खाण्डवी द्वारा बताया गया कि किस प्रकार तौल काँटों का सत्यापन कराया जाने से नापतौल के समय होने वाली गडवडियों से बचा जा सकता है। साथ ही डाक विभाग से ओमप्रकाश श्रोत्रीय एवं डाक विस्तार अधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में डाक विभाग केवल पत्र भेजने का कार्य ही नहीं करता बल्कि अन्य नागरिक सेवाऍं जैसे बीमा, बैंकिंग, आधार सेवा आदि में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में बडी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा अधिकारों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनकी समस्याओं का निदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

