केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के गुना में की विकास योजनाओं की व्यापक समीक्षा
गुना, 28 जून (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को मप्र के गुना में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले में संचालित केंद्रीय एवं राज्य शासन की प्रमुख विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की।
बैठक में सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, औद्योगिक विकास एवं अधोसंरचना से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बैठक में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण में कूनो नदी पुनर्जीवन परियोजना की रूपरेखा, उमरी स्थित समृद्धि केंद्र, मोबाइल कोर्ट, सीएम हेल्पलाइन में जिले के बेहतर प्रदर्शन, रात्रि चौपाल, वर्षा पूर्व तैयारियों तथा कृषि क्षेत्र में पॉलीहाउस एवं थाई पिंक अमरूद की खेती जैसे नवाचारों की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए संचालित कार्डियक एम्बुलेंस सेवा की भी जानकारी दी गई।
सिंचाई एवं पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में सिंचाई परियोजना, पन्हेटी सिंचाई परियोजना तथा सिंध नदी आधारित पेयजल योजना सहित अन्य जल संसाधन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुआवजा वितरण, वन भूमि हस्तांतरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की भी समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा
बैठक में जिला अस्पताल में विकसित की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। 50 बिस्तरों के मातृत्व वार्ड, 50 बिस्तरों की क्रिटिकल केयर यूनिट, 150 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण, एमआरआई, बोन डेंसिटी एवं सी-आर्म मशीन उपलब्ध कराने की प्रगति से अवगत कराया गया। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारियों की संख्या में हुई वृद्धि की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
शिक्षा, सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में सीएम राइज विद्यालयों के निर्माण, एफडीडीआई संस्थान, पीएमजीएसवाई एवं सीएमजीएसवाई सड़कें, स्ट्रीट लाइट परियोजना, मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, औद्योगिक क्षेत्र, अस्पताल सुविधाओं के विस्तार, क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, अमृत योजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
एकीकृत सीसीटीवी प्रणाली की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल द्वारा जनभागीदारी आधारित एकीकृत सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की जानकारी दी गई। बताया गया कि शहर एवं जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बैंक शाखाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों को केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है, जिससे रियल टाइम निगरानी, अपराध नियंत्रण एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता और मजबूत होगी।
बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने संक्षिप्त पत्रकार वार्ता के माध्यम से बैठक में हुई समीक्षा एवं जिले में संचालित प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
बैठक में विधायक ऋषि अग्रवाल,नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविन्द्र धाकड़, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, वनमण्डलाधिकारी अक्षय राठौर, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबेसहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

