मप्रः राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मैपकास्ट द्वारा विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मैपकास्ट द्वारा विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार कार्यक्रम


मप्रः राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मैपकास्ट द्वारा विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार कार्यक्रम


- 41वें युवा वैज्ञानिक सम्मेलन के विजेताओं को किया गया सम्मानित

- आईआईटी (बीएचयू) की टीम ने प्रस्तुत किया स्टेम आधारित लाइव विज्ञान शो

भोपाल, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट), भोपाल द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शनिवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में विज्ञान जागरूकता एवं नवाचार आधारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

मेपकास्ट के निदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से राज्य के समग्र विकास को गति प्रदान करना परिषद का प्रमुख उद्देश्य है। परिषद प्रदेश के विकास के लिए अनुसंधान, नवाचार एवं विज्ञान प्रसार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। विद्यार्थियों एवं युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से परिषद द्वारा विज्ञान मेले, प्रतियोगिताएं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), भोपाल के निदेशक प्रो. आशुतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से भारत के युवा भविष्य में विश्व स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उज्जैन में 3 से 5 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस 'महाकाल-द मास्टर ऑफ टाइम'पर एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें समय एवं विज्ञान से जुड़े रोचक पहलुओं को प्रस्तुत किया गया। मानसी चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत “विज्ञान का पिटारा” कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान के विविध रोचक प्रयोगों एवं अवधारणाओं को सरल एवं आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर 41वें युवा वैज्ञानिक सम्मेलन के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक शोध एवं नवाचार कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। परिषद के प्रमुख अनुसंधान एवं विकास डॉ. आर.एस. भारद्वाज ने सम्मेलन की संक्षिप्त जानकारी देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले युवा वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से आए विशेषज्ञ मनोहर कुमार एवं उनकी टीम द्वारा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) आधारित लाइव विज्ञान शो प्रस्तुत किया गया। शो में विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने अत्यंत उत्साह से सराहा। टीम के सदस्य मोहित कुमार, मनीष कुमार, अमित कुमार, विवेक कुमार एवं राकेश कुमार ने विज्ञान को सरल एवं मनोरंजक रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विकास शेंदे ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर मेपकास्ट द्वारा प्रदेश के 45 जिलों में शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से विभिन्न वैज्ञानिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इनमें विज्ञान मॉडल प्रदर्शनियां, प्रेरक व्याख्यान, विज्ञान जागरूकता गतिविधियां, विद्यार्थी-उन्मुख कार्यक्रम, नवाचार आधारित प्रतियोगिताएं, विज्ञान फिल्म प्रदर्शन, भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान पर संवाद तथा विद्यार्थी–वैज्ञानिक संवाद शामिल रहे। इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज में वैज्ञानिक चेतना एवं तार्किक सोच को प्रोत्साहित करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story