योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य किए जाए: संभागायुक्त लक्षकार

WhatsApp Channel Join Now
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य किए जाए: संभागायुक्त लक्षकार


- विभागीय योजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित

इंदौर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभाग के आयुक्त भास्कर लक्षकार ने रविवार को बुरहानपुर जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त लक्षकार ने वृंदावन ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता वाली योजना है, इसके क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसानों को बीज वितरण से पूर्व बीज की गुणवत्ता का परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बुरहानपुर में प्राकृतिक खेती से उत्पादित उत्पादों को उचित मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की बात भी कही।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के दिए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने स्टॉफ, दवाइयों की उपलब्धता, एक्सपायरी दवाओं के प्रबंधन, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों में उपलब्ध मशीनों, सिकल सेल एवं कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संभागायुक्त लक्षकार ने स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग को विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने एवं उन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए प्रोत्साहित करने तथा पुस्तकालयों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को पुस्तक उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली।

राजस्व, उद्योग एवं पंचायत कार्यों की भी समीक्षा

संभागायुक्त ने राजस्व विभाग के अंतर्गत फार्मर आईडी, भू-अर्जन सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उद्योग विभाग की उद्यम क्रांति योजना की समीक्षा भी की गयी। इस दौरान कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले में विकसित किए जा रहे इंडस्ट्रियल एरिया एवं उद्योग क्षेत्र में हो रही प्रगति से अवगत कराया। पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार ने गुणवत्तापूर्वक तालाब निर्माण हेतु उचित कार्यवाही के लिये भी निर्देश दिये। उन्होंने वीबी-जी राम जी एवं पीएम आवास योजना की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, राशन वितरण, नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस विभाग को सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

बैठक के बाद संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने पं. शिवनाथ शास्त्री शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का अवलोकन किया। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर, औषधि वितरण व्यवस्था, ओपीडी, पंचकर्म कक्ष, लेबर रूम, जनरल वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय में उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

इसी कड़ी में संभागायुक्त लक्षकार ने सभाकक्ष में बैठक लेकर महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय कार्यों तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। बैठक के दौरान महाविद्यालयीन स्टॉफ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर संभागायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में पारिजात का पौधा रोपित किया।

तहसील कार्यालय शाहपुर निरीक्षण के दौरान लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

निरीक्षण की कड़ी में संभागायुक्त भास्कर लक्षकार तहसील कार्यालय शाहपुर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज विभिन्न प्रकरणों का गहनता से अवलोकन किया तथा लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पोर्टल पर आवश्यक जानकारी की नियमित एवं अद्यतन एंट्री करने तथा कार्यालयीन फाइलों का व्यवस्थित रूप से संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कुंडी भंडारा एवं शाही किले का किया भ्रमण

संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने रविवार को ऐतिहासिक स्थल कुंडी भंडारा एवं शाही किले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के इन स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story