सतनाः पटपरनाथ धाम में संपन्न सामूहिक विवाह में राज्यमंत्री ने दिया जोड़ों को आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
सतनाः पटपरनाथ धाम में संपन्न सामूहिक विवाह में राज्यमंत्री ने दिया जोड़ों को आशीर्वाद


सतना, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में नागौद जनपद पंचायत अंतर्गत सिंहपुर के पटपऱनाथ धाम मंदिर परिसर में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के मुख्यातिथ्य में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें 47 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परिणय सूत्र में बंधे।

समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत सतना के अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नवदंपतियों के परिजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रतिमा बागरी ने कन्या पूजन कर मातृशक्ति का सम्मान किया तथा सभी नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। शासन की योजना के तहत नवदंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामग्री (वस्त्र, आभूषण, बर्तन आदि) और विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रत्येक वधु के बैंक खाते में 49 हजार रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

राज्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत देते हैं। उन्होंने कहा कि सीधे वधु के खाते में राशि हस्तांतरण से बेटियों को आर्थिक सुरक्षा मिलती है और उनका भविष्य सशक्त होता है।

नागौद तथा उचेहरा के अन्य स्थानों में भी हुआ कन्या विवाह सम्मेलन

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को सतना जिले के नागौद तथा उचेहरा की जनपद पंचायत और नगर परिषद में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में 200 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। जिसमें जनपद पंचायत नागौद अंतर्गत बरकोनिया मंदिर (नागौद) एवं पटपरनाथ मंदिर (सिंहपुर) में 82 तथा नगर परिषद नागौद में 8 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इसी प्रकार जनपद पंचायत उचेहरा के जनपद प्रांगण में आयोजित सम्मेलन में 90 जोड़ों तथा नगर परिषद उचेहरा के टाउन हॉल में 20 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story