सतनाः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में वामा विमर्श पर हुआ मंथन
सतना, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन में मुख्य विषय “वामा विमर्श” पर किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक पहलुओं पर व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर 7 प्रमुख विषयों पर ग्रुप एक्सरसाइज कराई गई। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 21 महिला स्टेकहोल्डर्स प्रोफेशनल्स, एकेडमिक्स, मीडिया, फाइन आर्ट्स, साहित्य, शासन, स्टार्टअप आदि ने भाग लिया। प्रतिभागियों को सात समूहों में विभाजित कर महिलाओं से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर सुझाव आमंत्रित किए गए।
चर्चा के प्रमुख विषयों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, अवसर की समानता, गरिमा और सम्मान का संरक्षण, स्थानीय निकायों की महिला प्रतिनिधियों के अधिकारों की सुरक्षा, गिव टू गेन तथा नारी-नेतृत्व वाले विकास की अवधारणा, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना और शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष जोर देना शामिल रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसी नीति या रणनीतिक विषय पर विमर्श करना नहीं था। बल्कि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और स्थानीय निकायों के माध्यम से महिलाओं के लिए क्या बेहतर किया जा सकता है। इस पर ठोस सुझाव प्राप्त करना रहा। कार्यक्रम के दौरान सातों महिला समूहों ने अपने सुझाव जिला एवं स्थानीय प्रशासन को प्रस्तुत किए। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को वर्षभर ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तंत्र को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पार्थ शंकर मिश्रा, नगर पालिक निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, एसडीएम अनिकेत शांडिल्य तथा डीएलओ मो. जिलानी मौजूद रहे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कृषि विज्ञान केन्द्र में महिलाओं को किया गया सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन रविवार को कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां में किया गया। जिसमें ग्रामीण आजीविका मिशन की मझगवां विकास खंड की 85 महिलाएं उपस्थित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. सतीष कुमार एस ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष रेणुका जायसवाल, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मझगवां राहुल पांडेय, निरंजन जायसवाल एवं कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, नानाजी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी वैज्ञानिक डॉ हेमराज द्विवेदी ने बताया कि संस्थान द्वारा उद्यमिता और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से महिलाओ को स्वावलंबी बनाने की दिशा में बहुत सारे प्रशिक्षण दिए जाते है। जिसमें फल सब्जी प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, दाल, आटा, अगरबत्ती, निरमा, बांस आदि से चलने वाले प्रशिक्षणों के बारे मे बताया गया। साथ ही कृषि एवं उद्यमिता के क्षेत्र मे काम कर रही सफल महिलाओं की सफलता की कहानी के बारे मे बताया।
केवीके प्रभारी डॉ नवीन शर्मा ने मशरूम उत्पादन एवं उसके बीज के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। साथ ही एनआरएलएम की महिलाओ के क्षमता संवर्धन विषय को लेकर प्रशिक्षण कराने के बारे मे जानकारी दी। सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले मे तैयार उत्पादों के आउट लेट हेतु आवश्यक जगह उपबद्ध कराई जाएगी एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा मे कृषि विज्ञान केंद्र एवं संस्थान के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
जनपद अध्यक्ष रेणुका जायसवाल ने कहा कि आज महिलायें सभी क्षेत्रों में आगे है चाहे कृषि आजीविका, शिक्षा, सेना, रिसर्च आदि में आगे है। महिलायें किसी भी कार्य में पीछे नहीं है और समूह की महिलाओं को कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के आधार पर स्वरोजगार स्थापित कर सकती है।
कार्यक्रम के बीच मे मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में सीमा सतनामी ने अपना अनुभव बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर मशरूम उत्पादन का कार्य कर रही है और लाभ भी अर्जित कर रही है। ऐसे ही हर्बल गुलाल बनाने के क्षेत्र मे वंदना शिवहरे ने बताया कि संस्थान से प्रशिक्षण लेकर चुकंदर, हरे पत्तेदार सब्जियों, हल्दी एवं पलास के फूल से निर्मित गुलाल बनाकर आय अर्जित कर रही है। बांस कला के क्षेत्र मे कैलाश बसोर की बहु चंद्रिका पंसेरिया ने भी अपने अनुभव बताए। निर्मला साकेत और सुनीता ने भी एनआरएलएम के माध्यम से समूह मे किए गए कार्यों का अनुभव साझा किया। महिला दिवस पर इन सभी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सतना कलेक्टर सतीश कुमार एस ने सबसे पहले महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप लोगों के पास अच्छा अवसर है कि आप स्वावलंबन एवं उद्यमिता विकास के क्षेत्र मे अपने आप को आगे लाए। जिला प्रषासन एवं आजीविका मिशन और संस्थान मिलकर आप लोगों को तकनीकी एवं क्षमता विकास के लिए प्रशिक्षण देने का कार्य करेगा। आप लोगों द्वारा बनाए गए उत्पादों के लिए प्रशासन की तरफ से उचित आउट लेट उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। लघु वनोपज के क्षेत्र मे अपार संभावनए है इस पर भी कार्य किया जा सकता है। उन्होंने इस अवसर पर जिले के 14-15 वर्षीय बालिकाओं के सभी अभिभावकों से अपनी बेटियो को गंभीर बीमारी से हमेशा के लिए बचाव हेतु एचपीवी का टीका लगवाने की अपील की है। इस अवसर पर साधना तिवारी माधवगढ़, पूनम तिवारी सहित रामदत्त पांडे, कौशलेन्द्र, अशोक परौहा, उषा सहित समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद गृह विज्ञान इकाई में महिलाओं ने पेठा बनाने का तरीका भी सीखा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

