संत रविदास जी ने समानता, समरसता और भाईचारे के संदेश से समाज को नई दिशा दीः मंत्री कुशवाह

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास जी ने समानता, समरसता और भाईचारे के संदेश से समाज को नई दिशा दीः मंत्री कुशवाह


- ग्वालियर में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकली “सामाजिक समरसता एवं कलश वंदन यात्रा”

ग्वालियर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समरस एवं सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं।

मंत्री कुशवाह रविवार को ग्वालियर में आयोजित “सामाजिक समरसता एवं कलश वंदन यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संत रविदास की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई इस यात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए मंत्री कुशवाह ने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

“सामाजिक समरसता एवं कलश वंदन यात्रा” हनुमान चौराहे से प्रारंभ होकर 52 पायगा, सूबे की गोठ, पारदी मोहल्ला, रामबाग कॉलोनी, गेंडेवाली सड़क एवं शिंदे की छावनी होते हुए छप्परवाला पुल पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा का समापन छप्परवाला पुल के समीप स्थित संत रविदास जी की बगिया में हुआ। यहां संत रविदास जी की आरती की गई। यात्रा के समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से मानव मात्र की समानता तथा सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार सामाजिक एकता और समरसता की मजबूत नींव हैं। उनका जीवन हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

रविवार को शहर में निकली इस सामाजिक समरसता एवं कलश वंदन यात्रा में पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया तथा अभय चौधरी, राजू पलैया, ओमप्रकाश धनोल, विनय जैन एवं केशव मांझी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story