सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर संत रविदास जी ने दिया था समरस समाज का संदेश : मंत्री संपतिया उइके

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर संत रविदास जी ने दिया था समरस समाज का संदेश : मंत्री संपतिया उइके


- मंडला में कलश वंदन यात्रा रथ को पीएचई मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

मंडला, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि गुरु रविदास जी के जीवन और उनके विचारों से बच्चों एवं युवा पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। संत रविदास ने अपने जीवन में सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया तथा समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रेरणादायी हैं।

मंत्री संपतिया उइके गुरुवार को संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मंडला जिले में आयोजित गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। जिला योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर संत रविदास जी के जीवन, उनके विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर आधारित चलचित्र का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि संत रविदास जी का मानना था कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी व्यक्ति समान हैं और समाज की उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक वर्ग के लोग आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ें। समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के इन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने जातिगत भेदभाव को समाप्त करने तथा समाज में समानता स्थापित करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। संत रविदास जी का सर्वोच्च लक्ष्य सामाजिक समरसता और मानव-मानव के बीच समानता स्थापित करना था। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को आत्मसात करें और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव को बढ़ावा दें।

संत रविदास जी के जीवन पर आधारित चलचित्र का प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के जीवन एवं उनके सामाजिक संदेश पर आधारित चलचित्र प्रदर्शित किया गया। चलचित्र के माध्यम से उनके संघर्ष, विचारों तथा समाज में समानता और समरसता स्थापित करने के प्रयासों को दर्शाया गया। उपस्थितजनों ने संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के पश्चात मंत्री सम्पतिया उइके ने स्वयं सिर पर कलश रखकर संत रविदास जी के जीवन से जुड़े समरसता के संदेश को जनजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे रथ तक पहुंचकर उसे स्थापित किया। साथ ही समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ कलश वंदन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ मंडला के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर लोगों को संत रविदास जी के विचारों से अवगत कराएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, समाजसेवी आरके चौधरी, प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम मंडला सोनल सिडाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य डॉ. अरूण शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story