सागरः सूरखी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में शामिल हुए मंत्री राजपूत

WhatsApp Channel Join Now
सागरः सूरखी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में शामिल हुए मंत्री राजपूत


- जनता की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करें अधिकारी : खाद्य मंत्री राजपूत

भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को सागर जिले के सुरखी में एक जन-समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं और दी जा रही सेवाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

मंत्री राजपूत ने कहा कि यह आयोजन मात्र भाषण सुनाने का औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और धरातलीय समाधान का शिविर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर पूरे प्रदेश में जिला स्तरीय, खंड स्तरीय एवं नगरीय निकायों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिला प्रशासन के आला अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का सामना करें और उनका निवारण करें।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर से लेकर जिले का पूरा प्रशासनिक अमला आपके बीच मौजूद है। सरकार और जिला प्रशासन चलकर आपके घर तक आया है। आमजन को चाहिए कि वे शिविर में आकर अधिकारियों से अपनी समस्याओं पर बात करें, योजनाओं की प्रक्रिया समझें और उनका पूरा लाभ उठाएं।

मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से परीक्षण किया जाए और उनका समय-सीमा के भीतर पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संबल कार्ड के बहुआयामी फायदों और इसके तहत संकट के समय मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि की जानकारी दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भू-स्वामियों को उनके मकान व जमीन का वास्तविक मालिकाना हक दिलाने में स्वामित्व योजना को क्रांतिकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही इसकी प्रक्रिया को समझकर लाभ लें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य सेवा और संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है।

विभागीय स्टॉलों पर दी गई विस्तृत जानकारी

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने मंच व अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता शर्तों तथा आवेदन करने की सरल प्रक्रियाओं से आम नागरिकों को अवगत कराया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी पात्रता के अनुसार विभागीय स्टॉलों पर संपर्क कर योजनाओं का लाभ उठाएं।

एक पेड़ माँ के नाम और हरित सुरखी का संदेश

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खाद्य मंत्री राजपूत ने सुरखी नगर परिषद परिसर में पौधारोपण किया। कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे रोपकर हरित और स्वच्छ सुरखी का संदेश दिया। सुरखी नगर परिषद भवन आगमन पर मंत्री राजपूत ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। राजपूत ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761048 Articles

Share this story