मप्रः सीएमटीसी पोर्टल से ग्रामीण सेवा प्रबंधन होगा डिजिटल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सीएमटीसी पोर्टल से ग्रामीण सेवा प्रबंधन होगा डिजिटल


- एसआरएलएम में सीएमटीसी सेवाओं की बुकिंग एवं प्रबंधन को मिला केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म

भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में ग्रामीण सेवाओं के प्रभावी प्रबंधन और डिजिटल पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कम्युनिटी मैनेज्ड ट्रेनिंग सेंटर सीएमटीसी पोर्टल शुरू किया गया है। यह पोर्टल मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा विकसित किया गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (एसआरएलएम) के लिए तैयार किया गया यह पोर्टल सीएमटीसी सेवाओं की बुकिंग और प्रबंधन के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इससे सेवा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, समयबद्धता और कार्यकुशलता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि सीएमटीसी पोर्टल के माध्यम से उपयोगकर्ताओं का व्यवस्थित पंजीयन, रोल बेस्ड एक्सेस कंट्रोल और ब्लॉक एवं जिला स्तर पर बुकिंग और अनुमोदन की स्वचालित व्यवस्था संभव हो सकेगी। इससे मैनुअल प्रक्रियाओं पर निर्भरता कम होगी, प्रक्रियागत त्रुटियों में कमी आएगी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। पोर्टल में स्वचालित सूचना प्रणाली और डिजिटल अनुमोदन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद सुनिश्चित हो सकेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास में तकनीक के अधिकतम उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। डिजिटल पहल से न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता सुदृढ़ होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा वितरण प्रणाली भी अधिक जवाबदेह, सुलभ और प्रभावी बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story