अंतरराष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में रोहित सिंह ने दो कांस्य पदक जीतकर मप्र को किया गौरवान्वित: मंत्री कुशवाह

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में रोहित सिंह ने दो कांस्य पदक जीतकर मप्र को किया गौरवान्वित: मंत्री कुशवाह


- मंत्री कुशवाह ने रोहित सिंह, खुशी लहरिया एवं सान्या डोंगरे का किया सम्मान, दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ

भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने अंतरराष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग विश्व चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक विजेता ग्वालियर के रोहित सिंह एवं विश्व स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त करने वाली उनकी बहन खुशी लहरिया का गुरुवार को चार इमली स्थित अपने कार्यालय में सम्मान किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि दोनों भाई-बहन ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से देश एवं मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियाँ प्रदेश के दिव्यांग एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उल्लेखनीय है कि रोहित सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग एवं 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में दो कांस्य पदक अर्जित किए। उन्होंने ताशकंद, उज्बेकिस्तान में विश्व पैरा आर्म रेसलिंग कप में स्वर्ण पदक तथा एशियन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण एवं दो कांस्य पदक जीते। वर्ष 2025 में बुल्गारिया विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त गुजरात एवं केरल की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दो-दो स्वर्ण पदक तथा ग्वालियर में आयोजित ऑल इंडिया पीएएफआई कप में दो स्वर्ण पदक सहित चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर डेफ एथलीट सान्या डोंगरे ने बढ़ाया प्रदेश का मान

मध्य प्रदेश की गौरव एवं इंदौर की प्रतिभाशाली बेटी अंतरराष्ट्रीय डेफ एथलीट सान्या डोंगरे ने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश एवं प्रदेश का मान बढ़ाया है। सुश्री सान्या डोंगरे का भी मंत्री कुशवाह ने आत्मीय स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि सान्या डोंगरे ने एशिया पैसिफिक डेफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप, मलेशिया-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके पूर्व वर्ष 2024 की एशिया पैसिफिक डेफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने 1 स्वर्ण, 1 रजत एवं 2 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके अतिरिक्त गुजरात, केरल, इंदौर सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अनेक पदक अर्जित किए हैं।

मंत्री कुशवाह ने विश्वास व्यक्त किया कि सान्या डोंगरे, रोहित सिंह तथा खुशी लहरिया भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story