मप्र: रायसेन मंडी में गल्ला व्यापारी की फर्म में सनसनीखेज लूट, सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर पीटा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: रायसेन मंडी में गल्ला व्यापारी की फर्म में सनसनीखेज लूट, सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर पीटा


मप्र: रायसेन मंडी में गल्ला व्यापारी की फर्म में सनसनीखेज लूट, सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर पीटा


रायसेन, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में रायसेन कृषि उपज मंडी में बुधवार देर रात बदमाशों ने गल्ला व्यापारी की फर्म को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने फर्म में सो रहे मुनीम को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। उनके हाथ-पैर बांधकर ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार किए। हमले में उनकी एक आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा है। वारदात के बाद बदमाश नकदी लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मुनीम को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

व्यापारी मनोज राठौर के मुताबिक, उनके मुनीम पदम सिंह यादव रोजाना की तरह बुधवार रात में फर्म में ही सो रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो काफी देर तक आवाज देने के बावजूद गेट नहीं खुला। अंदर जाकर देखा तो पदम सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। कमरे में भी खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दीवार फांदकर परिसर में घुसे, तीन दुकानों को बनाया निशाना

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश दीवार फांदकर फर्म परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने पहले एक दुकान से लोहे की रॉड उठाई और फिर गेहूं की बोरियों के ऊपर से गुजरते हुए दूसरी दुकान में पहुंचे। यहां अलमारी तोड़कर सामान और दस्तावेज बिखेर दिए। दुकान की खिड़की का कांच भी टूटा मिला। इसके बाद आरोपी तीसरी दुकान में पहुंचे, जहां पदम सिंह सो रहे थे। बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और ईंट से सिर व चेहरे पर हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से फरार हो गए।

दुकानों की अंदरूनी जानकारी होने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल बदमाशों को फर्म के परिसर और दुकानों की अंदरूनी व्यवस्था की जानकारी थी। उन्हें सामान रखने की जगह और आने-जाने के रास्तों का पता था। ऐसे में किसी जानकार व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

30 साल से फर्म में काम कर रहे थे पदम सिंह

व्यापारी मनोज राठौर ने बताया कि पदम सिंह यादव पिछले करीब 30 साल से उनकी फर्म में मुनीम के रूप में काम कर रहे हैं। वे परिवार के सदस्य की तरह थे। मनोज राठौर के मुताबिक, मंडी में इस तरह की वारदात पहली बार हुई है।

4 नवंबर के बाद की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिलीट मिली

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी एसपी दीपक नायक और एसडीओपी आकांक्षा तलैया ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की 4 नवंबर के बाद की रिकॉर्डिंग डिलीट मिली है। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर रिकॉर्डिंग रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसडीओपी आकांक्षा तलैया के मुताबिक, घायल पदम सिंह को अस्पताल की क्रिटिकल यूनिट में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया है।

मंडी में रोजाना करोड़ों का कारोबार, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में चिंता है। व्यापारी मिथिलेश सोनी ने मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विदिशा, सीहोर और आसपास के जिलों से बड़ी मात्रा में धान मंडी में पहुंचता है। इसके चलते एक दुकान पर रोजाना 15 से 20 करोड़ रुपए तक का लेनदेन होता है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि करोड़ों के कारोबार वाले मंडी परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775717 Articles

Share this story