मप्रः रीवा की बेटी आयुषी वर्मा का सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर किया गया सम्मान
रीवा, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में रविवार को सिंधु भवन में सामाजिक संगठनों द्वारा अभिनंदन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रीवा और पूरे विंध्य अंचल का नाम रोशन करने वाली आयुषी वर्मा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ।
समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा आयुषी के माता-पिता एवं परिजनों की उपस्थिति में आयुषी वर्मा को सम्मानित कर शुभकामनाएं प्रेषित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आयुषी वर्मा की यह सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे रीवा और विंध्य अंचल के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि विंध्य की माटी से अनेक सपूतों ने सेना के सर्वोच्च शिखरों तक पहुँचकर देश की सेवा की है।
थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी जैसे महान सैन्य नायकों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आयुषी ने भी उसी महान परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे कठोर निर्णयों से भारतीय सेना को फ्री-हैंड मिला है, जिससे हमारे सैनिकों का हौसला अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद असम में पदस्थापित होने जा रही लेफ्टिनेंट आयुषी वर्मा के लिए उन्होंने भगवान महामृत्युंजय से प्रार्थना की कि आयुषी सैन्य सेवा में सफलता की नई ऊँचाइयों को छुएं और रीवा का नाम सदैव रोशन करें।गौरतलब है कि आयुषी वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने टेक्निकल शाखा में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त कर रीवा और पूरे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
आयुषी ने अपनी स्कूली शिक्षा रीवा के एक निजी कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की, जहाँ उनके पिता शिक्षक हैं। 12वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें सेना में जाकर देश की सेवा करनी है। अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर आयुषी वर्मा ने कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

