मप्र के रीवा जिले में 28 हजार करोड़ का निवेश कर पावर प्लांट स्थापित करेगी टाटा एनर्जी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के रीवा जिले में 28 हजार करोड़ का निवेश कर पावर प्लांट स्थापित करेगी टाटा एनर्जी


मप्र के रीवा जिले में 28 हजार करोड़ का निवेश कर पावर प्लांट स्थापित करेगी टाटा एनर्जी


मप्र के रीवा जिले में 28 हजार करोड़ का निवेश कर पावर प्लांट स्थापित करेगी टाटा एनर्जी


- पावर प्लांट से पाँच हजार लोगों को मिलेगा रोजगार - उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि टाटा एनर्जी रीवा जिले में ऊर्जा की बड़ी परियोजना शुरू करने जा रही है। टाटा एनर्जी 28 हजार करोड़ रुपये निवेश करके पावर प्लांट स्थापित करने जा रही है। इस प्लांट से एक हजार मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन होगा। इससे क्लीन और ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ पाँच हजार से अधिक व्यक्तियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल शुक्रवार को रीवा के नवीन सर्किट हाउस में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए आवश्यक जमीनें चिन्हित कर ली गई हैं। मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम 169 हेक्टेयर जमीन टाटा एनर्जी को आवंटित कर रहा है। शेष जमीनों का अधिग्रहण करके टाटा एनर्जी को उपलब्ध कराएं, जिससे परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि सोलर एनर्जी के बाद यह रीवा जिले के लिए दूसरी बड़ी उपलब्धि होगी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में अधोसंरचना का विकास तेजी से हुआ है। इसका लाभ अब जिले को मिलने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन योदव की विशेष पहल पर रीवा में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कई क्षेत्रों के उद्योगपति रीवा में निवेश के इच्छुक हैं। एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे लाइन और पानी की उपलब्धता से निवेश को प्रोत्साहन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि टाटा एनर्जी की परियोजना से जिले के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग तथा वन विभाग के अधिकारी समन्वय से प्रयास करें। बैठक में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि परियोजना के लिए आवश्यक जमीनें तय समय सीमा में टाटा एनर्जी को उपलब्ध करा दी जाएंगी। निजी जमीनों को टाटा एनर्जी स्वयं प्राप्त करेगी। प्रशासनिक स्तर पर पूरा सहयोग किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट से केवल 30 मिनट की दूरी पर मैहर जिले में अमझर में 170 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। एमपीआईडीसी के अधिकारी इसमें निवेश के लिए केन्द्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य योजना) के तहत प्रस्ताव बनाएं।

एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक यूके तिवारी ने बताया कि अमझर में औद्योगिक पार्क में 50 से अधिक औद्योगिक इकाईयाँ स्थापित की जाएंगी। औद्योगिक केन्द्र के लिए अतिरिक्त भूमि की भी तलाश की जा रही है। सीसीएफ राजेश राय ने कहा कि वन भूमि में अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने पर समय सीमा में अनुमति जारी कर दी जाएगी।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जिले में निवेश करने वाले उद्यमियों को हर संभव सहायता दी जाएगी। जिले के औद्योगिक विकास में तेजी के लिए निवेश आवश्यक है। अमझर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क का लाभ भी रीवा जिले को मिलेगा। टाटा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित परियोजना की विस्तार से जानकारी दी। टाटा एनर्जी के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिल रहे सहयोग की प्रशंसा की। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी नितिन पटेल तथा टाटा एनर्जी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने झलबदरी तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने झलबदरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य एवं मार्तंड क्रमांक 2 के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री ने भैरवनाथ लोक का किया भ्रमण

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने गुढ़ स्थित भैरवनाथ लोक पहुंचकर भगवान भैरवनाथ का दर्शन एवं पूजन किया। उन्होंने भैरवनाथ लोक में उपस्थित जनसमुदाय व श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन व बेहतर व्यवस्थाओं के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करायें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story