बसामन मामा गौवंश विहार में गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नववर्ष पर किया गौपूजन

WhatsApp Channel Join Now
बसामन मामा गौवंश विहार में गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नववर्ष पर किया गौपूजन


भोपाल, 01 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को नववर्ष के प्रथम दिवस पर रीवा जिले के प्रवास के दौरान बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौपूजन किया और गौमाता को गुड़ एवं गौग्रास खिलाया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने नववर्ष की प्रभात बेला में गौमाताओं की सेवा कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ किया। गोलोक दर्शन में आमजन गौशाला का भ्रमण करते हुए गायों का पूजन कर सकते हैं।

बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संचालित गतिविधियों एवं प्रचलित निर्माण कार्यों की उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में गौवंश वन्य विहार से लगी 16 एकड़ भूमि में गौशाला का निर्माण कराया जायेगा जहां दुधारू गाय तथा उन्नत नस्ल के गौवंश को संरक्षित रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन से गौवंश वन्य विहार के विकास कार्य को प्रोत्साहन और ऊर्जा मिली है। गौवंश वन्य विहार को देश की सर्वोत्तम व अत्याधुनिक गौशाला बनाने का कार्य प्राथमिकता से होगा। उन्होंने गौवंश वन्य विहार में चारागाह विकास का कार्य प्रारंभ करने और वहां से उत्पन्न चारे को काटकर गौग्रास बनाते हुए गौशाला में भेजने के लिये व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने गौवंश वन्य विहार की बाउंड्रीबाल बनाने और अन्य निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान संबंधितों को कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने गौसेवकों का मानदेय वृद्धि का भी अनुमोदन किया। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि गौशाला में गोमूत्र संग्रहण की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करायें। आगामी फरवरी माह में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संत राजेन्द्रदास की कथा का आयोजन कराया जायेगा। राजेन्द्र दास महाराज गौकथा व प्राकृतिक खेती पर अपने उद्गार व्यक्त करेंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने संतों के आवास के लिये बनाये जाने वाले ऋषि कुलम का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रसादालय में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं गौशाला के संबद्ध जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story