रीवाः बसामन मामा गौअभ्यारण्य में आज गोलोक दर्शन महोत्सव, उप मुख्यमंत्री शुक्ल करेंगे शुभारंभ
रीवा, 01 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित बसामन मामा गौअभ्यारण्य में हजारों बेसहारा गौवंश को आश्रय दिया जा रहा है, साथ ही वहां प्राकृतिक खेती और जैविक खेती के कई माडल विकसित किये जा रहे हैं। बसामन मामा गौअभ्यारण्य में आज (गुरुवार को) गोलोक दर्शन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल इस गोलोक दर्शन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
इस संबंध में गौअभ्यारण्य प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि बसामन मामा तीर्थ के समीप ही गौअभ्यारण्य स्थित है। इसमें आयोजित गोलोक दर्शन में आमजनता गौशाला का भ्रमण करते हुए गायों का पूजन कर सकती है। इसके साथ-साथ प्राकृतिक खेती के लिए किये जा रहे विभिन्न प्रयोगों का देखने का भी अवसर आमजनता को मिलेगा। गौअभ्यारण्य में परंपरागत रसोइ की तरह भोजन गृह का निर्माण किया गया है। इसमें देशी प्रद्धति से निर्मित परंपरागत भोजन का आनंद भी आमजनता ले सकती है। भोजन शाला का संचालन गौफार्मा किसान संगठन द्वारा किया जा रहा है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि बसामन मामा में तैयार किये जा रहे प्राकृतिक के माडल में परंपरागत बीजों से अनाज की खेती की जा रही है। इनमें किसी भी तरह के रासायनिक, कीटनाशक और रासायनिक खाद का प्रयोग नहीं किया जाता है। गोबर और गोमूत्र से तैयार खाद और जैविक कीटनाशकों का ही फसलों में उपयोग किया जाता है। गाय में 33 कोटि देवताओं का वास माना गया है। नये वर्ष के अवसर पर गौसेवा की प्राचीन परंपरा का अनुशरण करते हुए आमजनता को गौसेवा और प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए गोलोक दर्शन महोत्सव आयोजित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री आज बसामन मामा में लेंगे समीक्षा बैठक
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल आज बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में संचालित गतिविधियों एवं प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद उप मुख्यमंत्री चित्रकूट रवाना होंगे तथा चित्रकूट में कामतानाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा करेंगे। शुक्ल शाम 5 बजे मैहर पहुंचकर मॉ शारदा देवी के दर्शन करेंगे तदुपरांत रात 9.20 बजे मैहर से रेवांचल एक्सप्रेस द्वारा भोपाल रवाना हो जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

