रीवाः वीरांगना झलकारी बाई की जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- प्रतिमा स्थापना और कबीर भवन निर्माण का उप मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
रीवा, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में रविवार को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जन्मजयंती के अवसर पर भव्य रोड शो, रैली और समारोह का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय कोरी समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए वीरांगना झलकारी बाई को नमन किया और उनके त्याग, साहस, बलिदान तथा राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
समारोह की शुरुआत विवेकानंद पार्क से की गई, जहां से रोड शो एवं रैली का आयोजन किया गया। यह रैली विवेकानंद पार्क से प्रारंभ होकर सिरमौर चौराहा, अमहिया, अस्पताल चौराहा, कला मंदिर और शिल्पी प्लाजा होते हुए मानस भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ और जयंती समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि वीरांगना झलकारी बाई जीको अमर बनाने के लिए लगातार उनकी जयंती पर शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झलकारी बाई 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई की महिला सेना दुर्गा दल की कुशल सेनापति थीं। 1858 में जब अंग्रेजों ने झाँसी के किले को घेर लिया, तब उन्होंने अदम्य साहस और स्वामीभक्ति का परिचय देते हुए रानी का वेश धारण किया। उन्होंने ब्रिटिश सेना को लंबे समय तक भ्रमित रखा, जिससे रानी लक्ष्मीबाई सुरक्षित निकल सकीं। झलकारी बाई का बलिदान, शौर्य और राष्ट्रभक्ति सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कोरी समाज द्वारा उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से वीरांगना झलकारी बाई कोरी की प्रतिमा लगाने तथा कबीर भवन के निर्माण की मांग रखी। इस पर उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने अगले जयंती समारोह से पहले प्रतिमा स्थापित करने और कबीर भवन बनवाने की मांग को लेकर आश्वासन दिया।इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

