रीवाः बाढ़ से उत्पन्न कठिनाइयों को दूर करने के लिए जुटा प्रशासनिक अमला

WhatsApp Channel Join Now
रीवाः बाढ़ से उत्पन्न कठिनाइयों को दूर करने के लिए जुटा प्रशासनिक अमला


रीवा, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पिछले 48 घंटे में रूक-रूक कर तेज वर्षा हो रही है। टमस और बीहर नदी के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा होने से त्योंथर क्षेत्र में टमस नदी का जल स्तर पुन: बढ़ने लगा है। डीह पुल पुन: बाढ़ से प्रभावित हो गया है। टमस नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। जिले भर में बाढ़ से उत्पन्न कठिनाईयों को दूर करने के लिए प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने रविवार को बताया कि ग्राम इटौरा में जल भराव की सूचना मिलने पर तत्काल दल रवाना किया गया है। नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला ने जेसीबी की मदद से नाली बनवाकर जल की निकासी कराई। जमा हुआ पानी अब धीरे-धीरे निकल रहा है। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले भर में ग्रामीण क्षेत्रों में हैण्डपंपों के सुधार तथा क्लोरिनेशन का कार्य जारी है। हैण्डपंपों के पानी की जांच करके उनमें सोडियम हाइपोक्लोराइड का घोल डालकर जलस्रोत को शुद्ध किया जा रहा है। रीवा नगर निगम क्षेत्र में भी जल निकासी और जल भराव से प्रभावित क्षेत्रों की साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story