मप्रः मंत्री सिलावट ने की जल संसाधन विभाग की समीक्षा, सिंचाई व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मंत्री सिलावट ने की जल संसाधन विभाग की समीक्षा, सिंचाई व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश


ग्वालियर, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को ग्वालियर के व्हीआईपी सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में सिंचाई व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बांधों में उपलब्ध जल की स्थिति की जानकारी ली तथा खरीफ और रबी फसलों के लिए सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में खरीफ मौसम में लगभग 48 हजार हेक्टेयर और रबी मौसम में लगभग 1 लाख 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। मंत्री सिलावट ने किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल संसाधनों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

मंत्री सिलावट ने जिले के सभी प्रमुख बांधों में जल की स्थिति की सतत निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार सिंचाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारी पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।

मंत्री सिलावट ने किसानों को शासन द्वारा सिंचाई जल की वसूली में दी जा रही ब्याज की छूट की जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्याज में दी जा रही छूट का ग्राम स्तर तक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

“सेवा-संकल्प अभियान” एवं “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” की समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में चलाए जा रहे दो महत्वपूर्ण अभियान “सेवा-संकल्प अभियान” एवं “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत ग्वालियर जिले में जन सामान्य को जोड़कर व्यवस्थित और भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अभियानों के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी कार्य समय पर हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को मुरार सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सेवा-संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इन गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के साथ-साथ जन-जन को जोड़ने की भी आवश्यकता है। बैठक में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव, डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. आर के एस धाकड़, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सागर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी उपासना राय, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि अभियान के तहत शासकीय स्कूल व कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिले भर में हो और अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें सहभागिता करें। साथ ही नुक्कड़ नाटक, शासन की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केन्द्रित हर जिले में किए जा रहे हैं, ग्वालियर में भी व्यवस्थित रूप से आयोजित हों। “सेवा कलश यात्रा” जिले के सभी ब्लॉक से निकलकर जिला मुख्यालय पर आए और जिला मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके साथ ही सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत जिले की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों को भी व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिले, ऐसे प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जिले भर में वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जाए।

मंत्री सिलावट ने अभियानों की समीक्षा के साथ-साथ जिले में संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का कार्य और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को तेजी के साथ ठीक किया जाए। यातायात प्रबंधन के संबंध में भी पुलिस अधीक्षक को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने सेवा-संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में की जा रही कार्रवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को जोड़कर अभियान के तहत कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रमों को भव्यता के साथ आयोजित किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story