भारतीय नौसेना के रिटायर्ड कैप्टन दुष्यंत कुमार साइकिल से कर रहे माँ नर्मदा की परिक्रमा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय नौसेना के रिटायर्ड कैप्टन दुष्यंत कुमार साइकिल से कर रहे माँ नर्मदा की परिक्रमा


- साइकिल चलाकर दे रहे हैं नशामुक्त भारत-सशक्त भारत का संदेश

खण्डवा, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय नौसेना में 33 वर्षों तक देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए कैप्टन दुष्यंत कुमार अब समाज सुधार के एक अनूठे अभियान पर निकले हैं। वे साइकिल से माँ नर्मदा की परिक्रमा कर रहे हैं।

गत 21 नवंबर 2026 को जबलपुर के ग्वारीघाट से अपनी यात्रा शुरू करने वाले कैप्टन दुष्यंत जोगी टिकरिया, अमरकंटक, अमरपुर, बरेली, बरमानघाट, माखननगर, बाबई और हरदा होते हुए रविवार को ओंकारेश्वर पहुंचे। दो विश्राम दिवसों के साथ उनका लक्ष्य 21 दिनों में यह परिक्रमा पूरी करने का है।

उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का संदेश देना है। नशामुक्त भारत-सशक्त भारत के संकल्प पर वे कहते हैं कि नशामुक्त समाज बनाना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।

गत जून माह में नौसेना से सेवानिवृत्त हुए कैप्टन दुष्यंत की पोस्टिंग के अंतिम दो वर्ष जबलपुर में बीते। यहीं नर्मदा परिक्रमावासियों और साधु-संतों के त्याग, तपस्या और अटूट श्रद्धा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया, जिसके बाद उन्होंने स्वयं परिक्रमा करने का संकल्प लिया।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक नाप चुके हैं दूरी

कैप्टन दुष्यंत का साइकिलिंग और सामाजिक जागरूकता से पुराना नाता है। इससे पहले वर्ष 2022 में उन्होंने 'सात्विक भोजन, बेहतर जीवन - साइकिल अपनाइए, प्रदूषण भगाइए' के संदेश के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक की साइकिल यात्रा पूरी की थी। कैप्टन दुष्यंत युवा पीढ़ी में बढ़ती तंबाकू, सिगरेट और शराब की लत से बेहद चिंतित हैं। वे कहते हैं कि नशा न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है, बल्कि पूरे परिवार का सुख-चैन छीन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story