डीएम प्रगति पोर्टल से होगी जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित निगरानी : कलेक्टर मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
डीएम प्रगति पोर्टल से होगी जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित निगरानी : कलेक्टर मिश्रा


भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि भोपाल जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित निगरानी और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए डीएम प्रगति पोर्टल प्रारंभ किया गया है। पोर्टल के माध्यम से जिले की बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं, मेट्रो, एमएसएमई तथा अन्य विभागीय प्रोजेक्ट्स की प्रगति की सतत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं से संबंधित जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर मिश्रा सोमवार को समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को डीएम प्रगति पोर्टल की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दे रहे थे। बैठक में बताया गया कि पोर्टल पर सभी संबंधित विभागों के लिए पृथक लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड बनाए जाएंगे। इसके माध्यम से परियोजनाओं की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा विभागीय समन्वय से संबंधित विषयों की निगरानी कलेक्टर द्वारा स्वयं की जाएगी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और संचालनालय स्वराज संस्थान, संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार भोपाल जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन 9 से 17 अगस्त तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

कलेक्टर मिश्रा ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों के लिए आयुक्त, नगर पालिक निगम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तिरंगा रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की है।

कलेक्टर मिश्रा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी एडीएम, एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, राजस्व अधिकारियों तथा जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों, लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। पात्र नागरिकों के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 07 अगस्त 2026 प्रत्येक शुक्रवार अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अनिवार्य रूप से भ्रमण कर निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करें। अधिकारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों, दूरस्थ ग्रामों, शासकीय संस्थानों तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेंगे। भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आगामी सप्ताह का भ्रमण कार्यक्रम पहले से निर्धारित कर जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, राजस्व प्रकरण, किसान आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। अधिकारी भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों और पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। साथ ही विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का भी भौतिक सत्यापन किया जाएगा। निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

कलेक्टर मिश्रा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार किए गए भ्रमण का संक्षिप्त प्रतिवेदन, निरीक्षण के फोटोग्राफ तथा समस्याओं के निराकरण के लिए की गई कार्रवाई का विवरण उसी दिन अथवा अगले कार्यदिवस की सुबह तक कलेक्टर कार्यालय एवं जिला पंचायत कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन के निर्देशों का गंभीरता और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story