रामराजा लोक और चित्रकूट परिक्रमा पथ को उत्कृष्ट पर्यटन के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता: लोधी

WhatsApp Channel Join Now
रामराजा लोक और चित्रकूट परिक्रमा पथ को उत्कृष्ट पर्यटन के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता: लोधी


- राज्य मंत्री लोधी ने की पर्यटन निगम की समीक्षा

भोपाल, 29 दिसम्बर (हि.स.)। संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सोमवार को पर्यटन भवन में मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का कायाकल्प रहा, जिसमें राज्य मंत्री लोधी ने स्पष्ट किया कि ओरछा स्थित 'श्री रामराजा लोक' और चित्रकूट के 'कामदगिरि पर्वत परिक्रमा पथ' को देश के उत्कृष्टतम पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राज्य मंत्री लोधी ने निर्देशित किया कि प्रदेश में निर्माणाधीन विभिन्न सांस्कृतिक लोकों के कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और इन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए। उन्होंने आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए निगम की कार्ययोजना का सूक्ष्म अवलोकन किया और उज्जैन सहित पूरे धार्मिक सर्किट में श्रद्धालुओं के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्रीय पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान देते हुए राज्य मंत्री लोधी ने जागेश्वरधाम बांदकपुर के आगामी चरणों, नोहटा में बोट क्लब की स्थापना और भोपाल में वॉच टावर के निर्माण जैसी नवीन परियोजनाओं को गति देने की बात कही। इसके अतिरिक्त, कटावधाम और भारत माता मंदिर (हटा) के सौंदर्याकरण के साथ-साथ मगरोन (पथरिया) और खर्राघाट से संबंधित विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं क्रियान्वयन संबंधी समीक्षा की गई।

पर्यटन निगम की वित्तीय प्रगति पर चर्चा करते हुए राज्य मंत्री लोधी ने आय के स्रोतों को बढ़ाने के लिए आधुनिक नवाचारों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तकनीक और बेहतर प्रबंधन का समन्वय आवश्यक है। साथ ही, संस्थान की मजबूती के लिए कार्य कर रहे कर्मचारियों के कल्याण का ध्यान रखते हुए उन्होंने उनकी वेतनवृद्धि के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

राज्य मंत्री लोधी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से मध्यप्रदेश न केवल एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यहाँ एक अद्वितीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभूति प्राप्त होगी। इस अवसर पर प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम डॉ. इलैयाराजा टी सहित सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story