राजगढ़ः रक्षित केंद्र में मंत्री टेटवाल ने किया शस्त्र पूजन, राष्ट्र रक्षा का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः रक्षित केंद्र में मंत्री टेटवाल ने किया शस्त्र पूजन, राष्ट्र रक्षा का लिया संकल्प


राजगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को रक्षित केंद्र राजगढ़ में शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया। इसमें कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने शस्त्र पूजन किया। इसके बाद हवन सहित धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने प्रदेश व जिले में शांति, सुरक्षा, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा के महत्व को रेखांकित किया गया। शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है, जो वीरता, साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती है। कार्यक्रम में पुलिस बल ने राष्ट्र रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शस्त्र पूजन को कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के संकल्प से जोड़ते हुए समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, विधायक अमरसिंह यादव, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू, अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चौहान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मां आदिशक्ति और प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति, सद्भाव और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रार्थना की गई। साथ ही जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story