राजगढ़ःनारी आजीविका महोत्सव में महिलाओं ने दिखाया हुनर, खेलों में भी जमकर लिया हिस्सा
राजगढ़,17 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को नमो युवा शक्ति कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण केंद्र, पीटी कंपनी में नारी आजीविका महोत्सव आयोजित किया गया। महोत्सव में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने के साथ आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक अमरसिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जा रहा है। नारी आजीविका महोत्सव के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की दीदियां महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं की मेहनत और आत्मविश्वास से परिवार, समाज और देश मजबूत हो रहा है।
बेटियों को बोझ समझने की सोच बदली कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की स्थिति में बदलाव के लिए सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर लगातार प्रयास किए गए हैं। सरकारी योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं को जन्म से लेकर पोषण, टीकाकरण और शिक्षा तक सहयोग दिया जा रहा है। लाड़ली लक्ष्मी योजना, साइकिल और लैपटॉप वितरण जैसी योजनाओं से बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब बेटियों को बोझ समझने वाली मानसिकता में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। एनआरएलएम से जुड़ी समूह की दीदियां आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।
खेल प्रतियोगिताओं में भी दिखा उत्साह महोत्सव में महिलाओं के लिए गुब्बारा भरने, दौड़, चेयर रेस, नींबू दौड़ और क्रिकेट सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई गईं। महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के दौरान आपसी सहभागिता और टीम भावना देखने को मिली। महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को उनकी क्षमता और मेहनत के लिए मंच देने के साथ आजीविका के अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन में समूह की महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

