राजगढ़ः अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों ने हाइवे पर किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों ने हाइवे पर किया चक्काजाम


राजगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने शुक्रवार को ब्यावरा-सिरोंज रोड स्थित सिलपटी विद्युत ग्रिड पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में गिन्दौरहाट, टोंका, नेटाठारी, पीपल्याखेड़ी सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। करीब एक घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

किसानों का कहना है कि रबी फसल की तैयारी, बुआई और सिंचाई के लिए इस समय नियमित बिजली की जरूरत है, लेकिन विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अघोषित कटौती की जा रही है। स्थिति यह है कि दिनभर में एक घंटे भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। निर्धारित समय पर भी बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है।

किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं है और न ही इसकी पूर्व सूचना दी जाती है। इससे खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है। आसपास के कई गांवों के किसान इस समस्या से परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्हें चक्काजाम करना पड़ा। सूचना मिलने पर ब्यावरा सिटी और सुठालिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में बिजली कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को बताया कि लोड सेटिंग के कारण बिजली कटौती हो रही है और व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद यातायात बहाल कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story