राजगढ़: ग्राम भादाहेड़ी में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, एकत्रित हुए ग्रामीण, मौके पर पुलिस बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: ग्राम भादाहेड़ी में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, एकत्रित हुए ग्रामीण, मौके पर पुलिस बल तैनात


राजगढ़, 03 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खिलचीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भादाहेड़ी में मंगलवार देर शाम बाबा डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर स्थिति देखने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर खिलचीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा व आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बुजुर्ग मांगीलाल वर्मा जब वहां से गुजर रहे थे, तब उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने गांव के लोगों को जानकारी दी, जिससे ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिमा के पास तीन से चार पत्थर पड़े हुए मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इन्हीं पत्थरों का उपयोग कर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, सतर्कता के लिहाज से खिलचीपुर सहित आसपास के थाना क्षेत्रों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story