रायसेनः कलेक्टर ने मूंग उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- एसडीएम तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी संयुक्त रूप से किया निरीक्षण
रायसेन, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्य की पारदर्शिता और सुचारू रूप से सम्पादित कराने के लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा स्वयं मूंग उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही संबंधित जिला अधिकारियों तथा एसडीएम को भी मूंग उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर विश्वकर्मा द्वारा बाड़ी क्षेत्र में मूंग उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन कार्य तथा केन्द्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और उपज विक्रय हेतु आए किसानों से भी संवाद किया।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों तथा केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य शासन के निर्देशों के अनुरूप तथा सुचारू रूप से सम्पादित कराएं। गुणवत्ता परीक्षण पूरी सतर्कता और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। उपज विक्रय हेतु आने वाले किसानों को अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़े और ना ही अन्य कोई कठिनाई हो। केन्द्रों पर तौल, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना उपलब्धता तथा परिवहन संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विश्वकर्मा ने किसानों से भी संवाद कर उपार्जन केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा कृषि कार्य के संबंध में चर्चा की। देवरी क्षेत्र में मूंग उपार्जन कार्य में कठिनाई आने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, मार्कफेड तथा संबंधित विभाग के जिला अधिकारियों द्वारा देवरी में मूंग उपार्जन केन्द्र पहुंचकर कठिनाईयों को दूर कराते हुए उपार्जन कार्य प्रारंभ कराया गया।
कलेक्टर विश्वकर्मा के निर्देशानुसार उपार्जन कार्य रात्रि आठ बजे तक चालू रहेगा। एसडीएम तथा अधिकारियों ने मूंग उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण जिले में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा के निर्देशानुसार सभी एसडीएम तथा संबंधित जिला अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न मूंग उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
बेगमगंज अनुभाग में समर्थन मूल्य पर मूंग उपार्जन हेतु बनाए गए दोनों उपार्जन केन्द्र किसान मित्र वेयरहाउस तथा भार्गव वेयरहाउस का एसडीएम, एसडीओपी, एसएडीओ तथा मार्कफेड प्रबंधक द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर उपार्जन कार्य का जायजा लिया गया। गौहरगंज क्षेत्र अंतर्गत मूंग उपार्जन केन्द्र दिवटिया का एसडीएम द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार अनुभाग सांची, गैरतगंज, बरेली सहित अन्य क्षेत्रों में एसडीएम और संबंधित अधिकारियों द्वारा मूंग उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। मूंग उपार्जन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान आवश्यकतानुसार तौल कांटों की संख्या बढ़ाए जाने हेतु संबंधितों को निर्देशित किया गया जिससे कि खरीदी कार्य सुचारू रूप से संपादित हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

