मप्रः रविवार को चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 5 साल तक के बच्चों की दी जाएगी पोलियो खुराक

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः रविवार को चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 5 साल तक के बच्चों की दी जाएगी पोलियो खुराक


- भोपाल जिले के 3 लाख 40 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य

भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में रविवार, 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पांच साल तक की उम्र के बच्चों को पोलियो दवा का सेवन करवाया जाएगा। अभियान के तहत भोपाल जिले में 3 लाख 40 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पोलियो दवा सेवन के लिए जिले में 2772 बूथ बनाए गए हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं चिह्नित सरकारी और निजी अस्पतालों में ये बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में भी दवा पिलाने के लिए टीम तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में 53 मोबाइल टीम, 114 ट्रांजिट टीम बनाई गई हैं। 113 शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं के साथ साथ 49 प्राइवेट स्वास्थ्य संस्थाओं में भी दवा पिलाई जाएगी। अभियान के तहत 311 सुपरवाइजर और 6265 बूथ कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले से बाहर जाने वाले एवं जिले में आने वाले 5 साल तक के प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाने के लिए एयरपोर्ट, रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड इत्यादि स्थानों पर ट्रांजिट बूथ बनाए गये है। हाईरिस्क क्षेत्रों जैसे- ईंट भट्टे, क्रेशर, निर्माण स्थल, घुमक्कड़ आबादी में मोबाईल टीम तैनात की गई है।

अभियान के संबंध में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में सभी एसडीएम के साथ ब्लॉक टास्क फोर्स बैठकों में माइक्रोप्लान पर चर्चा कर निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों में पोलियो के केस अभी भी आ रहे हैं, इसलिए 5 साल तक के बच्चों को दवा सेवन करवाना ज़रूरी है। डॉ. शर्मा ने परिजनों से आग्रह किया कि अभियान के पहले दिन बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story