उपभोक्ताओं को सरल, सुगम और बेहतर विद्युत सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकताः ऊर्जा मंत्री तोमर

WhatsApp Channel Join Now
उपभोक्ताओं को सरल, सुगम और बेहतर विद्युत सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकताः ऊर्जा मंत्री तोमर


- इलेक्ट्रोनिक दुपहिया वाहन से पहुँचे मंत्री तोमर, “संपर्क अभियान-2026” का किया शुभारंभ

ग्वालियर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि उपभोक्ताओं को सरल, सुगम और बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “संपर्क अभियान-2026” के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने गुरुवार को तानसेन नगर जोन के नवीन पार्क में आयोजित विशेष शिविर का शुभारंभ किया। वे कार्यक्रम में इलैक्ट्रिक दोपहिया वाहन से पहुंचे। शिविर में बिजली बिल, मीटर, नए विद्युत कनेक्शन एवं अन्य शिकायतों का निराकरण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री तोमर ने नागरिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग स्वयं उपभोक्ताओं के द्वार तक पहुंचकर समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से विभाग की समाधान योजना का लाभ लेने का आग्रह करते हुए कहा कि योजना के तहत उपभोक्ता बकाया राशि का भुगतान एकमुश्त अथवा किस्तों में कर सकते हैं। यह योजना 15 मई तक प्रभावी रहेगी।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि विद्युत सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए समय पर बिजली बिल का भुगतान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही बिजली कंपनियां बेहतर सेवाएं देने में सक्षम होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले शहर में लंबे समय तक बिजली कटौती की स्थिति रहती थी, अब विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने तानसेन नगर जोन के कर्मचारियों को हेलमेट वितरित किए। इसके बाद उपनगर ग्वालियर क्षेत्र के लोको बिरखा कोली का बाड़ा, वार्ड क्रमांक-31 में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड क्रमांक-32 के गांधी नगर क्षेत्र में सीवर समस्या का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तोमर ने शब्द प्रताप आश्रम क्षेत्र में सीवर सुपर सकर मशीन से चल रहे सफाई कार्य तथा मोहिते गार्डन क्षेत्र में नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story