पानी, बिजली, सड़कें और आवास के साथ मुफ्त इलाज और बेहतर शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी: तोमर

WhatsApp Channel Join Now
पानी, बिजली, सड़कें और आवास के साथ मुफ्त इलाज और बेहतर शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी: तोमर


- ऊर्जा मंत्री तोमर ने जनसुनवाई में किया समस्याओं का यथोचित समाधान

ग्वालियर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जन-जन का कल्याण ही केन्द्र और राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य और प्राथमिक जिम्मेदारी है कि सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।

यह बात मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को ग्वालियर में रेसकोर्स रोड स्थित अपने सरकारी कार्यालय पर जनसुनवाई करते हुए कही। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी, महिला बाल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जन सुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे हर आवेदक से एक-एक कर बात कर उनकी समस्या सुनकर यथोचित समाधान किया।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के साथ ही केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की सोच हर जरुरतमंद को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए सरकार निरंतर कटिबद्ध है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ग्वालियर निरंतर प्रगति कर रहा है। सभी नागरिकों को सस्ती व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और मुफ्त इलाज और बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान की जा रही है। रोजगार के अवसर पैदा कर सरकार युवाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। यही नहीं सरकार द्वारा पेंशन योजनाओं के जरिए समाज के कमजोर वर्गों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि साफ पानी, बिजली, पक्की सड़कें और आवास जैसी बुनियादी जरूरतें हर घर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया गया है। सरकार का प्रयास कानून व्यवस्था बनाए रखकर यह सुनिश्चित करना कि विकास का लाभ किसी एक वर्ग को नहीं, बल्कि समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762276 Articles

Share this story