मप्र पुलिस की साइबर अपराधों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई, पांच दिन में 18 आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र पुलिस की साइबर अपराधों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई, पांच दिन में 18 आरोपी गिरफ्तार


मप्र पुलिस की साइबर अपराधों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई, पांच दिन में 18 आरोपी गिरफ्तार


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा सायबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में विगत चार दिनों में पुलिस ने विभिन्न जिलों में म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम, क्रिप्टो ठगी एवं डिजिटल फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि इन कार्यवाहियों में न केवल अंतर्राज्यीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, साथ ही ठगी की गई राशि की वापसी भी सुनिश्चित की गई है।

अनूपपुर- म्यूल अकाउंट नेटवर्क का खुलासा

बताया गया कि अनूपपुर जिले में म्यूल अकाउंट के माध्यम से पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गिरोह भोले-भाले लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, सिम कार्ड एवं पासबुक अपने कब्जे में लेकर उन्हें मुंबई के माध्यम से दुबई स्थित सरगना तक पहुंचाता था। इन खातों के जरिए प्रतिदिन लाखों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान 165 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 05 चेकबुक, 18 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप एवं 01 राउटर जप्तकिए गए।

नर्मदापुरम जिले के थाना सिवनी मालवा में मोबाइल गुम होने के बाद बैंक खातों से 2.78 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने मोबाइल व सिम का दुरुपयोग कर यूपीआई के माध्यम से विभिन्न कियोस्क सेंटरों से चरणबद्ध तरीके से राशि आहरित की। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ग्वालियर- ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि फरियादी के खाते में कराई वापस

ग्वालियर में साइबर क्राइम ने एक शासकीय शिक्षक के साथ हुई 97हजार रूपएकी क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी के मामले में त्वरित तकनीकी विश्लेषण कर राशि को फ्रीज कराया तथा विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर संपूर्ण राशि पीड़ित के खाते में वापस कराई। वहीं एक अन्य प्रकरण में क्रिप्टो इन्वेस्टमेंट के नाम पर 1 करोड़ 41 लाख रूपएकी ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को बड़वानी एवं देवास से गिरफ्तार किया गया, जो किराए पर बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर अपराधियों की सहायता कर रहे थे।

सीहोर- फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीहोर जिले के थाना बुधनी में आधार कार्ड के दुरुपयोग कर फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर 32सिम कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से 15सिम की पुष्टि हो चुकी है। प्रकरण में आईटी एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

बुरहानपुर-ट्रेडिंग इंवेस्टमेंट के नाम पर ठगी की गई राशि वापस कराई

बुरहानपुर जिले में साइबर सेल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हाई रिटर्न ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर पीड़ित से ठगी गई 3 लाख 90 हजार 400 रुपये राशि में से 1 लाख 28 हजार 940 रुपये की राशि वापस कराई गई। शिकायतकर्ता द्वारा 1930 हेल्पलाइनपर सूचना दिए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से वित्तीय ट्रांजेक्शन को ट्रैक कर राशि फ्रीज कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story