मप्र पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, पांच दिनों में 1.62 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त
भोपाल, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाते हुए पिछले पांच दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न जिलों में की गई छापेमार कार्रवाइयों के दौरान करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। साथ ही अनेक आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अभियान के तहत गांजा, स्मैक, एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन), डोडाचूरा, नशीले इंजेक्शन, ट्रामाडोल गोलियां और कोडीन युक्त कफ सिरप सहित बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
आगर मालवा में कोतवाली थाना पुलिस ने एक कंटेनर में बनाए गए गुप्त चैम्बर से 3 क्विंटल 21 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में करीब 71 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया गया।
शिवपुरी में कोतवाली थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने 62.28 ग्राम स्मैक, एक कार और मोबाइल फोन सहित लगभग 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
मंदसौर जिले में मल्हारगढ़ और शामगढ़ थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में डोडाचूरा और एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों में लगभग 17.66 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
उज्जैन में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एमडी ड्रग्स और गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। यहां करीब 16.29 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
जबलपुर में बेलबाग, अधारताल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 6600 नशीले इंजेक्शन, मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा जब्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
रतलाम जिले में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 156 किलोग्राम से अधिक डोडाचूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 9.81 लाख रुपये आंकी गई है।
गुना में पुलिस ने स्मैक तस्करी में संलिप्त अंतर्राज्यीय तस्कर दंपती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 8 लाख रुपये मूल्य की स्मैक और वाहन जब्त किए।
कटनी में पुलिस ने 11.06 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया, जबकि सागर में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में एक महिला और एक पुरुष आरोपी को पकड़ा गया।
सीधी जिले में सेमरिया और अमिलिया थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर एवं अन्य स्थानों पर कार्रवाई कर ट्रामाडोल युक्त नशीली गोलियां, कोडीन युक्त कफ सिरप और वाहन जब्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

