टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है : मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है : मोहन यादव


टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है : मोहन यादव


टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है : मोहन यादव


- मुख्यमंत्री ने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन टीएमजेड निवेशक सम्मेलन को किया संबोधित

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है। देश का दूरदर्शी नेतृत्व देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्य प्रदेश निरंतर नए औद्योगिक अवसरों के द्वार खोल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसी कड़ी में ग्वालियर में 170 एकड़ में देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन विकसित किया जा रहा है, जो टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल में आयोजित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष रूप से मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड) निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है। यह ज़ोन टेलीकॉम उपकरणों के डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार, परीक्षण, प्रमाणन और विनिर्माण का एकीकृत केंद्र बनेगा। यहां 5जी, 6जी, सैटकॉम, ऑप्टिकल फाइबर और आईओटी (IoT) जैसी भविष्य की तकनीकों के उत्पादन एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के लिए 25 निवेशकों की रुचि, 15 उत्पाद श्रेणियां और 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव ग्वालियर की औद्योगिक संभावनाओं को रेखांकित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में लगभग 450.45 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश केवल घोषणाएं करने वाला राज्य नहीं, बल्कि विकास कार्यों को तीव्र गति से धरातल पर उतारने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। मध्य प्रदेश ने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और आज न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम मिल रहे हैं। टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू हुआ था। लेकिन केवल 4 से 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया गया और इसके दूसरे फेज के लिए 450.45 एकड़ जमीन देकर इसका भी शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर ग्वालियर इन्वेस्टर मीट में 25 कंपनियों को आशय पत्र वितरित किए गए। इन निवेशों के माध्यम से 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने लगभग 2,700 से अधिक अनुपालनों को समाप्त किया है। इसके साथ ही, व्यापार और व्यवसाय की राह में बाधा बन रहे 925 से अधिक अनावश्यक कानूनों को भी समाप्त किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज मध्य प्रदेश इतनी तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ने का सामर्थ्य प्राप्त कर सका है। अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है। आज मध्यप्रदेश की विकास दर 11 फीसदी से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24 फीसदी से ऊपर पहुंच गई है। निवेशकों के विश्वास और उनके सहयोग से मध्य प्रदेश लगातार तीसरे वर्ष जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन के बल पर मध्य प्रदेश सरकार तेज गति से विकास को धरातल पर उतार रही है। आगामी 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं, इन लगभग एक हजार दिनों में से 432 दिन राज्य के औद्योगिक विकास के लिए चर्चा की गई। राज्य के लिए औद्योगिक विकास महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के स्थापना के बाद ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी नहीं, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी भी है। औद्योगिक विकास के लिए बिजली की आवश्यकता होगी। प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गांधीसागर के पास पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना के पहले टर्बाइन का शुभारंभ किया गया है। इस परियोजना से 2000 मेगावाट बिजली पैदा होगी, जो हमारी भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संकल्प की शक्ति के बलबूते पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना का कार्य रिकॉर्ड ढाई साल में पूर्ण हो रहा है। यह देश के लिए ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात है।

राज्य सरकार के लिए छोटे-बड़े सभी, निवेशक समान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के लिए छोटे-बड़े सभी, निवेशक समान हैं। राज्य सरकार कृषि से लेकर उद्योग और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित कर रही है। मंदसौर में एग्रो एंड केमिकल पार्क, रतलाम में बायोफार्मा, धार में टेक्सटाइल पार्क, छिंदवाड़ा में इंडस्ट्रियल बेल्ट, ग्वालियर में टीएमजेड फेज 2 के लिए विशेष योजना बनाई गई है। निवेशकों को सस्ती दरों पर उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि, बिजली और पानी दिया जा रहा है। रोजगार परक उद्योग स्थापित करने पर श्रमिकों के लिए 5000 रुपये मासिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एविएशन सेक्टर को बढ़ाने के लिए मदद दे रही है। मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल से अबुधाबी और शारजांह के लिए हवाईसेवा शुरू की गई है।

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि हमारे लिए निवेशक, डेवलपमेंट पार्टनर हैं। हमने 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसे केवल निवेशकों के आधार पर प्राप्त नहीं किया जा सकता है, इसके लिए डेवलपमेंट पार्टनर की जरूरत है। मध्य प्रदेश में निवेश करने वाले सभी उद्योगपति विकास यात्रा में हमारे साझेदार हैं। प्रदेश का ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सचिवालय दिसंबर से अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करने लगेगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए एक पोर्टल तैयार किया गया है, जहां सभी आवश्यक क्लियरेंस ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। निवेशकों को किसी भी कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। निवेशकों को सही समय पर सुविधाएं मिले, यही हमारा लक्ष्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story