मप्रः सौंसर के प्रसिद्ध हनुमान लोक जामसांवली में भरभराकर गिरा पीओपी का हिस्सा, बाल-बाल बचे दो श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सौंसर के प्रसिद्ध हनुमान लोक जामसांवली में भरभराकर गिरा पीओपी का हिस्सा, बाल-बाल बचे दो श्रद्धालु


छिंदवाड़ा, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौंसर स्थित प्रसिद्ध जामसांवली हनुमान मंदिर के हनुमान लोक में मंगलवार दोपहर पंखे के ऊपर लगा पीओपी का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के दौरान वहां मौजूद दो श्रद्धालु बाल-बाल बचे।

मंदिर समिति के अनुसार, हनुमान लोक के संबंधित हिस्से में काम चल रहा था। इसी दौरान पीओपी का हिस्सा नीचे गिर गया। एहतियातन उस हिस्से में श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद करा दी गई है। क्षतिग्रस्त पीओपी को हटाने और मरम्मत का काम शुरू हो चुका है।

गौरतलब है कि जामसांवली हनुमान मंदिर में हनुमान लोक का निर्माण इसी वर्ष मार्च में हुआ है। इतने कम समय में निर्माण का हिस्सा गिरने से गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे रहे हैं। स्थानीय विधायक विजय चौरे ने कहा कि पीओपी का इस तरह गिरना गंभीर सवाल खड़े करता है। विधायक ने मामले की जांच कराने की बात कही है, ताकि संभावित कमियों का पता चल सके।

मंदिर समिति के सचिव टीकाराम कारोकर ने बताया कि वर्षा के कारण सभा मंडप के एक डोम की पीओपी का कुछ हिस्सा गिरा है। कुछ लोग बिना तथ्यों के इसे भ्रष्टाचार से जोड़ रहे हैं। यह सभामंडप लगभग 10 वर्षों से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। यह शासकीय राशि से निर्मित नहीं हुआ है। संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा व प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य संदीप मोहोड ने स्वयं के व्यय से इसका जीर्णोद्धार कराया है।

उन्होंने बताया कि छत की वाटरप्रूफिंग का काम चल रहा है। इसी दौरान फाल्स सीलिंग की पीओपी क्षतिग्रस्त हुई है। आगामी दो दिन में दुरुस्त कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story