पन्नाः वन भूमि कब्जा हटाने गई टीम और ग्रामीणों में खूनी झड़प, महिलाओं समेत वनकर्मी एवं अन्य घायल

WhatsApp Channel Join Now
पन्नाः वन भूमि कब्जा हटाने गई टीम और ग्रामीणों में खूनी झड़प, महिलाओं समेत वनकर्मी एवं अन्य घायल


पन्ना, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम पैरहा में रविवार को वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने के दौरान वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में महिलाओं सहित दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को पहले अजयगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने महिलाओं समेत कई लोगों के घायल होने का दावा किया है, जबकि वन विभाग के मुताबिक, उसके 6 कर्मचारी घायल हुए हैं। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना की शुरुआत उस समय हुई जब वन विभाग की टीम कक्ष क्रमांक 213 में वृक्षारोपण के लिए 60 से 70 मजदूरों के साथ पहुँची थी। जिस 30 हेक्टेयर भूमि पर यह कार्रवाई की गई, उस पर पटेल समाज के लोग लंबे समय से खेती कर रहे थे। पूर्व में भी इस भूमि को लेकर कई प्रयास किए गए थे, लेकिन विवाद के कारण कब्जा नहीं हटाया जा सका था।

इस बार छतरपुर और पन्ना रेंज के अधिकारियों, कर्मचारियों और भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभाग ने आनन-फानन में पौधरोपण शुरू कर दिया, जिसका ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।

अस्पताल में भर्ती पीड़ित पक्ष के विनोद पटेल का आरोप है कि बिना किसी पूर्व नोटिस के पुलिस और वन विभाग ने सुबह-सुबह जबरन कार्रवाई शुरू कर दी और विरोध करने पर महिलाओं तथा ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई की गई। इस मारपीट में सोना पटेल, विनोद पटेल, दिनेश पटेल, राधा पटेल और रजनीश पटेल सहित 20 से 25 लोग घायल हुए हैं।

दूसरी ओर, ग्रामीणों के हमले में देवेंद्रनगर के वन रक्षक बसंत लाल वर्मा, दक्षिण वन मंडल पवई रेंज की वनपाल भारती कुमारी, अर्पित चौरसिया और मुरली अहिरवार सहित अन्य वनकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सुरेंद्र कुमार अपने राजस्व अमले और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और लोगों को समझाइश दी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने का प्रयास कर रहा है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763241 Articles

Share this story