मप्र के पन्ना में ऑटो, बाइक और बोलेरो के बीच जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के पन्ना में ऑटो, बाइक और बोलेरो के बीच जोरदार भिड़ंत, दो युवकों की मौत


पन्ना, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के उड़की गांव में रविवार दोपहर सरियों से लदे ऑटो, बाइक और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बोलेरो-ऑटो ड्राइवर भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार को दोपहर करीब तीन बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक ट्रैक्टर गलत लेन में आ गया था। उससे बचने की कोशिश में सरिया से लदा ऑटो, बाइक और बोलेरो अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। एक युवक का सिर फट गया और भेजा बाहर आ गया। शव के टुकड़े सड़क पर बिखर गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सारंगपुर किटहा निवासी 35 वर्षीय राकेश पटेल और 28 वर्षीय अमरनाथ पटेल के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी थे। वे कृषि कार्य से जुड़ा सामान लेकर बिलखुरा से अपने गांव किटहा लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। सरिया लदे ऑटो का चालक सोनू खान (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। ऑटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सोनू केबिन में फंस गया। सोनू करीब आधे घंटे तक ऑटो में फंसा रहा। उसकी कमर में गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है। बोलेरो में 6 से 7 लोग सवार थे। वे मऊ से पहाड़ीखेड़ा में एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। बोलेरो चालक हरचरण रैकवार घायल हुए और उन्हें मामूली चोटें आईं। अन्य यात्री सुरक्षित हैं।

बृजपुर थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story