मप्रः मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के संपर्क अभियान 2026 में 1.47 लाख से अधिक शिकायतों का मौके पर निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के संपर्क अभियान 2026 में 1.47 लाख से अधिक शिकायतों का मौके पर निराकरण


भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित संपर्क अभियान 2026 को बड़ी सफलता मिली है। गत 14 मई से प्रारंभ हुए इस विशेष अभियान में भोपाल एवं ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में अब तक 3355 विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें एक लाख 47 हजार 633 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

भोपाल रीजन के वृत्तों में लगे शिविर

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने मंगलवार को जानकारी दी कि भोपाल रीजन के अंतर्गत शहर वृत्त भोपाल में 249 शिविरों में 16,010 शिकायतों का निराकरण किया गया। बैतूल वृत्त में 296 शिविरों में 15,741 शिकायतों का निराकरण, भोपाल (ओ एंड एम) वृत्त में 159 शिविरों में 4,876 शिकायतों का निराकरण, हरदा वृत्त में 89 शिविरों में 13,671 शिकायतों का निराकरण, नर्मदापुरम वृत्त में 250 शिविरों में 20,966 शिकायतों का निराकरण, रायसेन वृत्त में 171 शिविरों में 11,739 शिकायतों का निराकरण, राजगढ़ वृत्त में 239 शिविरों में 3,163 शिकायतों का निराकरण, सीहोर वृत्त में 229 शिविरों में 5,446 शिकायतों का निराकरण तथा विदिशा वृत्त में 119 शिविरों में 7,102 शिकायतों का निराकरण किया गया।

ग्वालियर रीजन के वृत्तों में लगे शिविर

इसी तरह ग्वालियर रीजन के अंतर्गत शहर वृत्त ग्वालियर में 199 शिविरों में 4,023 शिकायतों का निराकरण किया गया। अशोकनगर वृत्त में 99 शिविरों में 9,014 शिकायतों का निराकरण, भिंड वृत्त में 190 शिविरों में 4,042 शिकायतों का निराकरण, दतिया वृत्त में 117 शिविरों में 5,741 शिकायतों का निराकरण, गुना वृत्त में 171 शिविरों में 6,082 शिकायतों का निराकरण, ग्वालियर (ओ एंड एम) वृत्त में 168 शिविरों में 3,144 शिकायतों का निराकरण, मुरैना वृत्त में 259 शिविरों में 7,850 शिकायतों का निराकरण, श्योपुर वृत्त में 126 शिविरों में 3,990 शिकायतों का निराकरण तथा शिवपुरी वृत्त में 225 शिविरों में 5,033 शिकायतों का निराकरण किया गया।

इन शिकायतों और सेवाओं पर हुआ त्वरित काम

कंपनी ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करना है। शिविरों में मुख्य रूप से त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग एवं अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया। साथ ही मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन प्रदान किए गए। इसके अलावा भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC), बंद/खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज संबंधी समस्याओं का समाधान, ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों का निराकरण, बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि जमा कराने सहित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए गए।

बिजली कनेक्शन में नाम परिवर्तन का मिला त्वरित लाभ (सीहोर)

कंपनी ने बताया कि संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में सीहोर वृत्त के बिलकिसगंज वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम हीरापुर निवासी राज बब्बर परमार ने अपने स्थायी घरेलू बिजली कनेक्शन में नाम परिवर्तन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कंपनी के अधिकारियों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनके बिजली कनेक्शन का नाम शीघ्रता से परिवर्तित कर दिया गया। समस्या के तत्काल समाधान से संतुष्ट उपभोक्ता ने संपर्क अभियान की सराहना करते हुए बिजली कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया।

संपर्क अभियान शिविर में जली हुई एलटी केबल बदली, गांव की बिजली व्यवस्था हुई सुचारु (राजगढ़)

इसी तरह संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में राजगढ़ वृत्त के खुजनेर वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम रोजड़ खुर्द निवासी गोविन्द निर्भयसिंह सोंधिया ने जली हुई एलटी केबल के कारण बाधित विद्युत आपूर्ति की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही कंपनी की तकनीकी टीम ने मौके का निरीक्षण कर तत्काल जली हुई एलटी केबल को बदलकर नई केबल स्थापित की, जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुचारु हो गई। त्वरित समाधान से संतुष्ट उपभोक्ता ने संपर्क अभियान की सराहना करते हुए बिजली कंपनी का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story