मप्र में राज्य मंत्रियों के स्वेच्छानुदान में बढ़ोतरी, आदेश जारी
भोपाल, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अपने राज्य मंत्रियों द्वारा दिए जाने वाले स्वेच्छानुदान की राशि में बढ़ोतरी की दी गई है। अब राज्य मंत्री स्वेच्छानुदान से किसी भी एक मामले में एक वर्ष में 25 हजार रुपये तक की मदद कर सकेंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
पूर्व में राज्यमंत्रियों के लिए स्वेछानुदान की सीमा 16 हजार रुपये थी। यानी राज्य मंत्री स्वेच्छानुदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को अधिकतम 16 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद दे सकते थे, लेकिन अब यह राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। सरकार का मानना है कि इससे स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद लोगों को तुरंत सहायता मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में गत 11 मई 2026 को मंत्रि-परिषद द्वारा राज्य मंत्रियों के स्वेच्छानुदान की राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। मंत्रि-परिषद द्वारा लिए गए निर्णय के पालन में यह आदेश जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

