मप्र में नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने- काटने के लिए पहली बार ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने- काटने के लिए पहली बार ऑनलाइन आवेदन की सुविधा


- 8317 आवेदकों ने किया ऑनलाइन आवेदन

भोपाल, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पहली बार नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को नाम जोड़ने, कटवाने और नाम संशोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा दी गई है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में इस सुविधा का लाभ लेते हुए कुल 8317 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया। इनमें से नगरीय निकायों में 1496 और पंचायतों में 6848 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए।

उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में 675 ऑनलाइन आवेदन नाम जोड़ने, 770 नाम कटवाने और 24 आवेदन नाम में संशोधन के लिये प्राप्त हुए हैं। वहीं त्रि-स्तरीय पंचायतों में 1701 आवेदन नाम जुड़वाने, 4960 नाम कटवाने और 187 आवेदन नाम में संशोधन के लिये प्राप्त हुए हैं। इन सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

18 जून को होगा फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को होगा। इसके लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जिलेवार पुनरीक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। साथ ही उन्होंने अंतिम मतदाता सूची को नियत समय पर जिले की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story