(अपडेट) चंबल का कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी सहित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) चंबल का कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी सहित गिरफ्तार


- मुरैना जिले में बानमोर क्षेत्र के जंगलों में करीब 3 घंटे चला पुलिस का ऑपरेशन, अवैध पिस्टल, रायफल और 49 कारतूस जब्त

भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की पुलिस ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 80 हजार रुपये के इनामी कुख्यात डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर को पुलिस मुठभेड़ के बाद उसके साथी अजय गुर्जर सहित गिरफ्तार किया है।

थाना बानमोर क्षेत्रांतर्गत ललितापुरा पहाड़ी गांव के समीप जंगलों में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी भी घायल हुआ। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने बताया कि जिले में फरार इनामी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कुख्यात बदमाश कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार कर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

गुरुवार सुबह टीम को सूचना मिली कि इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर अपने साथी के साथ थाना बानमोर क्षेत्र के ललितापुरा पहाड़ी गांव के समीप जंगल में मौजूद है। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी तथा उसका साथी अजय गुर्जर भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने कल्ली गुर्जर के कब्जे से एक अवैध देशी 32 बोर पिस्टल, एक 306 बोर रायफल एवं 49 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। वहीं, उसके साथी अजय गुर्जर के कब्जे से एक 12 बोर रायफल एवं 12 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल तीन अवैध हथियार एवं 61 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर एक आदतन एवं सक्रिय अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग, अड़ीबाजी, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा एवं अवैध शराब तस्करी सहित कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें से 9 प्रकरणों में वह फरार चल रहा था। विभिन्न आपराधिक मामलों में उसकी गिरफ्तारी पर 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773178 Articles

Share this story