मप्रः दिवंगत पुलिसकर्मी के नॉमिनी को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः दिवंगत पुलिसकर्मी के नॉमिनी को मिली एक करोड़ रुपये की सहायता


- पुलिस सैलरी पैकेज योजना बनी कठिन समय में पुलिस परिवारों का सशक्त सहारा

भोपाल, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण हेतु संचालित योजनाएं कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवारों के लिए सशक्त सहारा बनकर सामने आ रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मंडला में दिवंगत पुलिसकर्मी के परिजन को भारतीय स्टेट बैंक की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि 35वीं वाहिनी मंडला में पदस्थ स्वर्गीय कार्यवाहक प्रधान आरक्षक मुकेश बंसकार का सर्पदंश के कारण निधन हो जाने पर उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक शाखा मंडला में पुलिस सैलरी पैकेज योजना से संबद्ध होने के कारण उनके नामांकित उत्तराधिकारी उनकी पत्नी रजनी बंसकार को दुर्घटनावश मृत्यु बीमा के रूप में एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। 35वीं वाहिनी मंडला के सेनानी राजेश रघुवंशी द्वारा परिजनों को उक्त राशि का चेक सौंपा गया।

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा सभी पुलिस कर्मियों को पुलिस वेतन पैकेज खाता के जरिए अनेक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें एक करोड़ रुपये का आकस्मिक मृत्यु बीमा, होम लोन पर विशेष ब्याज दरें, मुफ्त डेबिट कार्ड और बीमा परिवार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा कवच शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story