देवी अहिल्या की नगरी में तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव आज से, गूजेंगे हंसराज रघुजवंशी के भजन
खरगोन, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की ऐतिहासिक नगरी महेश्वर एक बार फिर लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रही है। लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और निमाड़ी बोली की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से यहां 24 से 26 नवंबर तक तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
मां नर्मदा के पवित्र तट पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज मंगलवार को शाम 7.00 बजे 32वें निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। देवी अहिल्याबाई होलकर की ऐतिहासिक राजधानी में होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसमें निमाड़ी लोकगीत, गणगौर और गुजरात का पारंपरिक मनियारो नृत्य दर्शकों को आकर्षित करेगा, तो प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुजवंशी अपने सुमधुर भजनों से समां बांधेंगे।
नोडल अधिकारी नीरज अमझरे ने बताया कि, इस बार उत्सव का शुभारंभ आज शाम 7 बजे मां नर्मदा की काकड़ा आरती और भक्ति गीतों के साथ होगा। पहले दिन चंडीगढ़ के रहने वाले देश के प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ हरदा के विकास शुक्ला एवं साथी नर्मदा आरती प्रस्तुत करेंगे। भोपाल की पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी निमाड़ी गायन से निमाड़ की लोक संस्कृति की झलक दिखाएंगे।
नृत्य नाटक और निमाड़ी कवि सम्मेलन
25 नवंबर को भोपाल के चंद्रमाधव बारीक एवं साथी ‘खेती खेतों हरि नाम की’ नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगे। इस दिन निमाड़ के साहित्य और बोली को भी खास मंच मिलेगा। खरगोन और बड़वानी जिले के प्रसिद्ध निमाड़ी कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जनजीवन को शब्दों में पिरोएंगे।
गणगौर और मनियारो नृत्य रहेगा खास
उत्सव के अंतिम दिन 26 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निमाड़ की पारंपरिक गणगौर नृत्य प्रस्तुति होगी। इसे खरगोन की प्रीति कनाडे एवं साथी प्रस्तुत करेंगे। वहीं गुजरात के गांधीनगर से धीरज राठौड़ एवं साथी मनियारो नृत्य की प्रस्तुति देंगे। इसी दिन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा। इसमें धार के जानी बैरागी, उन्नाव के स्वयं श्रीवास्तव, लखनऊ के प्रख्यात मिश्रा, राजसमंद के सुनील व्यास, जोधपुर के आयुष राखेचा और डूंगरपुर के विपुल विद्रोही काव्य पाठ करेंगे।
ऐतिहासिक किले के सामने बनेगा भव्य मंच
तीनों दिन के कार्यक्रमों के लिए महेश्वर के ऐतिहासिक किले के सामने भव्य मंच तैयार किया गया है। किले और आसपास के परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। शाम के समय नर्मदा तट, रोशनी से जगमगाता किला और कलाकारों की प्रस्तुतियां उत्सव को खास बनाएंगी। इसी के साथ किले पर लेजर लाइट शो का भी दर्शन आनंद ले पाएंगे। वहीं, इस निमाड़ उत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

