मप्र: नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, प्रदेशभर में आंधी-बारिश से मिली राहत, कई जिलों में गिरे ओले

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, प्रदेशभर में आंधी-बारिश से मिली राहत, कई जिलों में गिरे ओले


मप्र: नौतपा में बदला मौसम का मिजाज, प्रदेशभर में आंधी-बारिश से मिली राहत, कई जिलों में गिरे ओले


भाेपाल, 30 मई (हि.स.)। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के इंदौर, ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, धार, देवास, गुना, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़ सहित 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार रात से शनिवार तक आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में 2 से 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है और लोगों को भीषण गर्मी व लू से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने 31 मई से 2 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। राजधानी भाेपाल में शनिवार सुबह से बादलाें ने डेरा डाले रखा, जिससे गर्मी से थाेडी राहत मिली। वहीं छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा और परासिया क्षेत्र में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।

इंदौर में रिमझिम फुहारों से बदला मौसम

इंदौर में शनिवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा। कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश और बूंदाबांदी हुई, जबकि ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। पिछले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41 डिग्री से घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नौतपा की शुरुआत से उमस और तेज गर्मी से परेशान लोगों को इस बदलाव से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक-दो दिन तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।

26 जिलों में बारिश, कहीं ओले तो कहीं तेज आंधी

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, रतलाम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, रीवा, सागर, सतना, उमरिया, खरगोन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, खंडवा, शाजापुर, देवास, झाबुआ, मुरैना और श्योपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। श्योपुर और देवास में ओलावृष्टि भी हुई, जबकि कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

गुना में हनुमान टेकरी मंदिर पर गिरी बिजली

गुना में आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। डिंडौरी में शनिवार सुबह आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। सुबह साढ़े दस बजे तक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में तापमान में बड़ी गिरावट

मौसम परिवर्तन का सबसे ज्यादा असर तापमान पर देखने को मिला। रायसेन में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, यानी 8 डिग्री की कमी दर्ज हुई। सीहोर में 10 दिनों के भीतर तापमान 46 डिग्री से घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। डिंडौरी में बारिश के बाद तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। उज्जैन में सुबह का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन का तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। खरगोन में तेज हवाओं और बूंदाबांदी के बाद तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रतलाम में लगातार चार दिनों से 42 डिग्री के आसपास बना तापमान बारिश के बाद नीचे आया।

ओंकारेश्वर, हरसूद और धार में झमाझम बारिश

खंडवा जिले के ओंकारेश्वर, मोरटक्का, हरसूद, रोशनी-पटाजन और खालवा क्षेत्रों में आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। वहीं धार और जेतपुरा क्षेत्र में करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर बारिश का दौर चला। सड़कों और गलियों में पानी भर गया तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

शनिवार सुबह मन्दसौर जिला मुख्यालय के साथ-साथ अंचल के विभिन्न क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मन्दसौर शहर के अलावा सीतामऊ, खजूरी आंजना, नाहरगढ़ और पिपलिया मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बारिश की खबरें सामने आईं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस की गई। हालांकि जिले के कई हिस्सों में अब भी बादलों का डेरा बना हुआ है, जिससे आगामी वक़्त में मौसम के और बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है। रतलाम में नौतपा के छठे दिन शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश चलीं। बादलों की गड़गड़ाहट होती रही। बारिश व ठंडी हवाओं से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। सुबह 9.30 बजे बाद तेज धूप भी निकली। आसमान में बादल छाए रहे। राजगढ़ जिले में नौतपा की तपती गर्मी के बीच शनिवार सुबह मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। शुक्रवार देर रात चली तेज आंधी और तूफान के बाद शनिवार सुबह से जिलेभर में ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली।

देवास में ओलावृष्टि, निर्माण कार्यों पर असर

देवास में शनिवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। बारिश से एमजी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य प्रभावित हुए और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सीहोर में नौतपा के बीच जिला मुख्यालय और ग्रामीण अंचलों में तेज हवाओं और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज हवाएं चलीं और आसमान में घने बादल छाए रहे। कई इलाकों में दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हुए, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई।

किसानों के लिए राहत और उम्मीद

खरगोन, रायसेन, सीहोर और अन्य कृषि प्रधान जिलों में मौसम में आए बदलाव से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। पूर्व मानसूनी गतिविधियों के चलते कई क्षेत्रों में खरीफ फसलों की तैयारी तेज हो गई है। खरगोन जिले में कपास की बोवनी शुरू हो चुकी है, जबकि रायसेन और आसपास के क्षेत्रों में किसान धान की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं।

अगले तीन दिन बारिश-आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 31 मई, 1 जून और 2 जून को अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मानसून पूर्व की यह गतिविधियां अभी कुछ दिन और जारी रह सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story