राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने की पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा
- वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय धर्म सभा में भी हुए शामिल
इंदौर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने सोमार को मध्य प्रदेश के इंदौर में सिटी बस कार्यालय में हुई बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान योजना के हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए, साथ पथ विक्रेता (स्ट्रीट वेंडर्स) के हितग्राहियों के अधिकारों के विषय में सार्थक संवाद किया।
बैठक में कानूनगो ने इंदौर में वेंडिंग कमेटी के गठन तथा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए वेंडिंग जोन आरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को अपना व्यवसाय संचालित करने के लिए उचित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर नगर निगम के एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा मामा ने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को व्यापार के दौरान आ रही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव ने योजना के अंतर्गत हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान तथा योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने इंदौर में विकसित किए जा रहे स्ट्रीट फूड हब के संबंध में भी अवगत कराया।
योजना प्रभारी एवं सिटी मिशन मैनेजर राजवीर धाकड़ ने बताया कि इंदौर नगर निगम क्षेत्र में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 1,26,190 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने पूर्व से गठित टाउन वेंडिंग कमेटी तथा स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नगर निगम द्वारा चिह्नित वेंडिंग जोन की जानकारी भी दी।
बैठक में पथ विक्रेताओं की समस्याओं, उनके व्यवसाय के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर समस्त सिटी मिशन मैनेजर, सामुदायिक संगठक तथा बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय धर्म सभा
इसके पश्चात राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो इंदौर के ऐतिहासिक स्थल गांधी हॉल पहुंचे। यंहा पर वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय धर्म सभा में शामिल हुए। समारोह में मानवाधिकार आयोग के सदस्य कानूनगो ने वाल्मीकि समाज के भाई बहनों के साथ भावुक और प्रेरणादायक संवाद किया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, महापौर परिषद के सदस्य नंदू पहाड़िया, मप्र सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, गौरव रणदिवे सहित समाज के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर कानूनगो ने समाज जनों को सम्मान पत्र भी भेंट किये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

