नरसिंहपुरः गाडरवारा में निकली भव्य बम भोले कांवड़ यात्रा में शामिल हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुरः गाडरवारा में निकली भव्य बम भोले कांवड़ यात्रा में शामिल हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह


- हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा गाडरवारा, नर्मदा जल लेकर निकले शिवभक्त

नरसिहंपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित भव्य ‘बम भोले कांवड़ यात्रा’ श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम बनी। इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह विशेष रूप से शामिल हुए।

मंत्री सिंह ने श्रद्धालुओं के साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता करते हुए भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उनकी उपस्थिति से आयोजन को विशेष गरिमा मिली और श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया।

सर्व सनातन समाज के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा ककरा घाट से प्रारंभ हुई। बड़ी संख्या में शिवभक्त मां नर्मदा का पवित्र जल कांवड़ में भरकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम भोले’ के जयघोष के साथ नगर की ओर प्रस्थान किए।

कांवड़ यात्रा ककरा घाट, खकरिया मोड़, पलोहा मोड़, ज्योति हॉस्पिटल के सामने, महाकाल चौक, चुंगी नाका, बस स्टैंड, गंज एवं झंडा चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होकर शिवालय चौक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। भक्ति गीतों और शिव नाम के जयकारों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।

शिवालय चौक पहुंचकर कांवड़ यात्रा का भव्य समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का नर्मदा जल से जलाभिषेक किया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से गाडरवारा शहर में धार्मिक उल्लास और आस्था का अनुपम माहौल देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story